किशनगंज : दीपावली-कालीपूजा पर किशनगंज में सुरक्षा का अभेद्य पहरा, 220 दंडाधिकारी और 1501 पुलिसकर्मी तैनात
259 से अधिक संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, 12 क्यूआरटी रहेंगे अलर्ट, ड्रोन, सीसीटीवी और सोशल मीडिया से होगी निगरानी

किशनगंज, 07 नवंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, दीपावली एवं कालीपूजा पर्व-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है। जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के संयुक्त निर्देश पर जिले के 259 से अधिक महत्वपूर्ण, संवेदनशील और अति संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसके तहत 220 दंडाधिकारी, 300 से अधिक पुलिस पदाधिकारी तथा चौकीदार सहित करीब 1501 पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही सात सुपर जोनल गश्ती दल लगातार निगरानी रखेंगे।
किसी भी अप्रिय घटना अथवा आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए जिला एवं अनुमंडल स्तर पर कुल 12 त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) गठित किए गए हैं। इनमें सात क्यूआरटी पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में तथा पांच बाइक क्यूआरटी परिचारी के नेतृत्व में काम करेंगे। सभी दलों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रखा गया है। प्रमुख स्थलों पर पुलिस पिकेट स्थापित किए गए हैं। थाना गश्ती के अलावा बाइक पेट्रोलिंग से भी लगातार निगरानी की जाएगी।
प्रशासन ने सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी की व्यवस्था की है। भ्रामक, आपत्तिजनक पोस्ट, फोटो और वीडियो प्रसारित करने वालों पर साइबर थाना एवं जिला सोशल मीडिया सेल की नजर रहेगी। पूजा पंडालों और विसर्जन जुलूसों की वीडियोग्राफी के साथ ड्रोन कैमरे से निगरानी होगी। जिला एवं अनुमंडल स्तर पर नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों से भी स्थिति पर नजर रखी जाएगी।
पूजा समितियों को पर्याप्त स्वयंसेवक रखने, पहचान पत्र जारी करने, महिला एवं पुरुषों के लिए अलग प्रवेश-निकास द्वार, सीसीटीवी और अग्नि सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। मेडिकल टीम, एंबुलेंस, अग्निशमन और बिजली विभाग को भी अलर्ट रखा गया है।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06456-222109 या व्हाट्सएप नंबर 9031816147 पर दी जा सकती है।



