District Adminstrationकिशनगंजन्यायपालिकाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर बैंक प्रबंधकों के साथ बैठक

किशनगंज, 07 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), किशनगंज ने शुक्रवार को जिले के विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी बैंकों के शाखा प्रबंधकों के साथ बैठक की। बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ओम शंकर ने की। इसमें विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक को संबोधित करते हुए सचिव ओम शंकर ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य लंबित एवं प्री-लिटिगेशन मामलों का आपसी समझौते के आधार पर त्वरित निष्पादन करना है, ताकि आम लोगों को लंबे समय तक न्यायालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और विवादों का सरल एवं सुलभ समाधान हो सके।

उन्होंने सभी बैंक प्रबंधकों को निर्देश दिया कि बैंक ऋण से जुड़े डिफॉल्टरों को अधिक से अधिक संख्या में नोटिस भेजकर लोक अदालत में उपस्थित होने के लिए प्रेरित करें। साथ ही बैंकों को अपने स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर ग्राहकों को राष्ट्रीय लोक अदालत के लाभों की जानकारी देने और अधिकाधिक मामलों को समझौते के माध्यम से निपटाने का प्रयास करने को कहा।

सचिव ने कहा कि लोक अदालत में मामलों के निपटारे से एक ओर न्यायालयों पर लंबित मामलों का बोझ कम होता है, वहीं दूसरी ओर बैंकों को भी फंसे हुए ऋण (एनपीए) की वसूली में मदद मिलती है। इससे बैंकिंग व्यवस्था मजबूत होने के साथ-साथ ऋणधारकों को भी राहत मिलती है।

बैठक में उपस्थित बैंक प्रबंधकों ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार को भरोसा दिलाया कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य करेंगे। उन्होंने अधिक से अधिक ऋण संबंधी मामलों को आपसी सहमति के आधार पर निपटाने तथा ग्राहकों को लोक अदालत में भाग लेने के लिए जागरूक करने का आश्वासन दिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने उम्मीद जताई कि सभी संबंधित पक्षों के सहयोग से 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में बड़ी संख्या में मामलों का सौहार्दपूर्ण निपटारा होगा।

Related Articles

Back to top button