District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : विकास परियोजनाओं के भूमि अर्जन में तेजी लाने के निर्देश, लंबित एलपीसी मामलों का होगा जल्द निष्पादन

किशनगंज, 07 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले की विभिन्न महत्त्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के लिए भूमि अर्जन कार्यों में तेजी लाने को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित सभागार में जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारतमाला परियोजना के तहत किशनगंज-बहादुरगंज फोरलेन, गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे, अररिया-गलगलिया नई ब्रॉडगेज रेल लाइन, एसएच-99, बहादुरगंज-टेढ़ागाछ सड़क चौड़ीकरण, ठाकुरगंज बाईपास, अभयपुर घाट व कंकई नदी पर प्रस्तावित उच्च स्तरीय पुल तथा किशनगंज हवाई अड्डा रनवे विस्तार सहित कई विकास योजनाओं के लिए चल रहे भूमि अर्जन कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। बैठक में डीएम ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित एलपीसी (भूमि स्वामित्व प्रमाणपत्र) से जुड़े मामलों का आगामी सप्ताह के भीतर निष्पादन कर आवश्यक प्रतिवेदन जिला भू-अर्जन कार्यालय को उपलब्ध कराएं। उन्होंने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को भी एलपीसी भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने और लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। टेढ़ागाछ अंचल में एलपीसी से संबंधित मामलों के त्वरित समाधान के लिए मौजावार विशेष शिविर आयोजित करने का निर्देश देते हुए डीएम ने राजस्व कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति तथा व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा, ताकि अधिक से अधिक रैयत इसका लाभ उठा सकें।

समीक्षा के दौरान असुराघाट एवं निशंद्रा घाट के बीच कंकई नदी पर प्रस्तावित उच्च स्तरीय पुल निर्माण से जुड़े भूमि विवादों पर भी चर्चा हुई। डीएम ने संबंधित अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि विवादित खाता-खेसरा से जुड़े मामलों के सभी अभिलेख शीघ्र जिला भू-अर्जन कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि समयबद्ध तरीके से उनका समाधान किया जा सके।बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ भूमि अर्जन की प्रक्रियाओं का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि जिले की महत्त्वपूर्ण विकास परियोजनाओं में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। बैठक में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि सभी अंचल अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button