*8053 पंचायतों और ग्राम कचहरी प्रतिनिधियों का हुआ महाजुटान, 15 दिनों के अंदर मांगें पूरी करे सरकार*
15 सूत्री मांगों को लेकर जनप्रतिनिधियों ने भरा हुंकार मुखिया संघ के अध्यक्ष मिथिलेश राय और पंच-सरपंच संघ के अध्यक्ष अमोद निराला सहित अन्य ने किया संबोधित

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/।पटना के बापू सभागार में आज 8053 पंचायतों और ग्राम कचहरी प्रतिनिधियों का महासम्मेलन हुआ। इसमें 15 सूत्री मांगों को लेकर नीतीश सरकार को चेतावनी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंच-सरपंच के अध्यक्ष अमोद निराला ने की, जबकि मुख्य अतिथि मुखिया संघ के अध्यक्ष मिथिलेश कुमार राय थे। दोनों नेताओं ने बिहार सरकार को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि सरकार ने 15 दिनों के अंदर उनकी 15 सूत्री मांगों को पूरा नहीं किया गया तो पंचायत प्रतिनिधि बिहार विधानसभा चुनाव में सरकार के खिलाफ अभियान चलाएंगे। पंचायती राज आयोग के गठन की मांग और पंचायत प्रतिनिधियों के पेंशन की भी मांग महासम्मेलन में उठी। वक्ताओं ने कहा कि स्थानीय निकाय, विधान पार्षद चुनाव में पंच-सरपंच को मतदाता बनाया जाए। ग्राम कचहरी में प्रहरी सह सफाईकर्मी की बहाली एवं वित्त आयोग की राशि उपलब्ध करायी जाए।
मंच से संबोधित करते हुए मुखिया संघ के अध्यक्ष मिथिलेश राय और पंच-सरपंच संघ के अध्यक्ष अमोद निराला ने कहा कि इस ऐतिहासिक सम्मेलन में 8053 पंचायतों के प्रतिनिधि शामिल हुए। उन्होंने कहा कि बिहार में पंचायती राज संस्थाओं और ग्राम कचहरी की व्यवस्था को शासन-प्रशासन द्वारा लगातार कमजोर किया जा रहा है। पंचायतों की स्वतंत्रता समाप्त कर दी गयी है और प्रतिनिधियों के महत्व को कम किया जा रहा है। मनरेगा जैसी योजनाओं को बंद कर दिया गया है। मुख्यमंत्री के निर्णय को विभाग लागू नहीं कर रहे हैं। इन तमाम कारणों से प्रतिनिधियों में आक्रोश व्याप्त है।
नेताओं ने कहा कि महासम्मेलन के माध्यम से प्रतिनिधि अपनी एकजुटता का परिचय देंगे और आने वाले समय के लिए महत्वपूर्ण कदमों की घोषणा करेंगे। दोनों नेताओं ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि पंचायत प्रतिनिधियों की 15 सूत्री मांगों को 15 दिनों के अंदर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो मजबूरन राज्यव्यापी आंदोलन की राह अपनानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि सरकार पंचायती राज आयोग का गठन करे और पंचायत प्रतिनिधियों के पेंशन को लागू करे। यदि सरकार हमारी मांगों को पूरा नहीं करेगी तो हमलोग विधानसभा चुनाव में सरकार के खिलाफ अभियान चलाएंगे। इस मौके पर राजमाता लालपरी देवी एवं रामदुलारी देवी को संघों की ओर से सम्मानित किया गया।
जनप्रतिनिधि महासम्मेलन को संबोधित करने वालों में मुख्य रूप से प्रमुख संघ प्रदेश अध्यक्ष रश्मि कुमारी, पंचायत वार्ड संघ प्रदेश अध्यक्ष गणेश चौधरी, मुखिया संघ प्रदेश उपाध्यक्ष मो अहसान, सरपंच संघ प्रदेश उपाध्यक्ष किरणदेव यादव, प्रमुख संघ के कार्यकारी अध्यक्ष जयमाला कुमारी पासवान, राजीव सिंह, मुखिया संघ अध्यक्ष भोजपुर हरेंद्र यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष शेर सिंह, डब्लू यादव राजीव रंजन, जिला पार्षद संघ बबलू कुमार, बीरेंद्र यादव, विनोद यादव, दिलीप सिंह, रंजन वर्मा, नितेश रंजन राव, मनोज कुमार, राजीव यादव, दिनेश प्रसाद, रामयोध्या राय, परमेश्वरी प्रसाद, सुरेंद्र प्रसाद आदि ने अपने विचार व्यक्त किया।



