District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : पीएमईजीपी, पीएमएफएमई व पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत लाभुकों के बीच ऋण वितरण शिविर आयोजित

किशनगंज,06फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी विशाल राज के निर्देशानुसार शुक्रवार को समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) एवं पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत लाभुकों के बीच ऋण वितरण हेतु ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र अनिल कुमार मंडल ने की।कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के अंतर्गत कुल 16 लाभुकों को 1 करोड़ 39 लाख रुपये की ऋण राशि स्वीकृत की गई, जबकि 4 लाभुकों को 28 लाख रुपये की ऋण राशि का भुगतान किया गया। वहीं प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) के अंतर्गत 8 लाभुकों को 58 लाख 40 हजार रुपये की ऋण स्वीकृति प्रदान की गई तथा 5 लाभुकों को 36 लाख 40 हजार रुपये की ऋण राशि का भुगतान किया गया। इसके अलावा पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत 3 लाभुकों को कुल 2 लाख 50 हजार रुपये की ऋण राशि स्वीकृत एवं भुगतान की गई। इस अवसर पर बताया गया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) एक क्रेडिट-लिंक्ड सब्सिडी योजना है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पारंपरिक कारीगरों तथा बेरोजगार युवाओं को गैर-कृषि क्षेत्र में सूक्ष्म उद्यम स्थापित करने हेतु प्रोत्साहित कर स्व-रोजगार के अवसर सृजित करना है। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) का उद्देश्य खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के असंगठित क्षेत्र में कार्यरत सूक्ष्म उद्यमों की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाना, उनके औपचारिककरण को बढ़ावा देना तथा किसान उत्पाद संगठनों (FPO), स्वयं सहायता समूहों (SHG) एवं उत्पादक सहकारी समितियों को संपूर्ण मूल्य श्रृंखला के साथ सहयोग प्रदान करना है। पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत परंपरागत कारीगरों एवं शिल्पकारों को वित्तीय सहायता, कौशल प्रशिक्षण, सस्ती ब्याज दर पर ऋण, डिजिटल लेन-देन, ब्रांडिंग एवं विपणन में सहयोग प्रदान कर उनके व्यवसाय को सशक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में सहायक उद्योग निदेशक जितेन्द्र कुमार, एलडीएम, संबंधित बैंकों के प्रतिनिधि एवं योजना के लाभार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!