
किशनगंज, 24 जुलाई (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बिहार पुलिस महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सख्त है। इसको लेकर राज्य के सभी थानों में महिलाओं से संबंधित शिकायत दर्ज होने के साथ त्वरित कार्रवाई की जाती है। इसी क्रम में आदर्श थाना ठाकुरगंज के थानाध्यक्ष सह डीएसपी अदिति सिन्हा ने महिला हिंसा और प्रताड़ना को रोकने के लिए अभियान चलाया है। यहां महिलाओं के शिकायत पर सात दिनों के अंदर निष्पादन किया जाएगा। इसके तहत ठाकुरगंज थाना के महिला पुलिस पदाधिकारियों के नगर के स्कूलों में बच्चों और महिला शिक्षिका के साथ संगोष्ठी आयोजित कर महिला हेल्प डेस्क के कार्यों की जानकारी देते हुए जागरूकता अभियान चलाया गया है।इस मौके पर महिला पुलिस पदाधिकारी सुनीता कुमारी, मेघा कुमारी, पूजा कुमारी संग अन्य ने कहा कि वह बिना संकोच किए और निर्भीक होकर महिला हेल्प डेस्क में अपनी समस्या बताएं। उन्होंने इस दौरान सभी बच्चे, शिक्षिकाओं और ग्रामीणों से कहा कि अगर कही भी कुछ गलत होता है, तो इसे सहन नहीं करें। बल्कि इसका विरोध करें। महिला पुलिस पदाधिकारियों ने आगे महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 के बारे में समझाया और अपना सीयूजी नंबर भी वितरित किया। वहीं, इस दौरान सभी छात्राओं ने पुलिस पदाधिकारी के सम्मान में उन्हें “टोकन ऑफ लव” देकर सम्मानित किया हैं।