District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : कर्तव्य में लापरवाही पर दो पुलिस पदाधिकारी निलंबित

बिशनपुर थानाध्यक्ष अंजनी कुमार तिवारी और अभियोजन शाखा के विनोद कुमार पांडेय पर कार्रवाई

किशनगंज, 07 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कर्तव्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता और वरीय पदाधिकारी के आदेश की अवहेलना के मामले में दो पुलिस पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया है। निलंबित होने वालों में बिशनपुर थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक अंजनी कुमार तिवारी और अभियोजन शाखा, किशनगंज में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक विनोद कुमार पांडेय शामिल हैं। दोनों को तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक ने 30 जून 2026 को बिशनपुर थाना का वार्षिक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान थाना के कई अभिलेखों और विभिन्न कांडों के निष्पादन में गंभीर त्रुटियां पाई गई थीं। इस संबंध में थानाध्यक्ष अंजनी कुमार तिवारी से स्पष्टीकरण मांगा गया था। उनके द्वारा दिया गया स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक ने उनके खिलाफ कार्रवाई की। उन पर कर्तव्यहीनता, मनमानेपन, अनुशासनहीनता और वरीय पदाधिकारी के आदेश का उल्लंघन करने सहित अन्य आरोप लगाए गए हैं।

वहीं, अभियोजन शाखा में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक विनोद कुमार पांडेय के खिलाफ सिपाही/580 गौतम कुमार ने 4 सितंबर को पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सुपर पेट्रोलिंग जोन-04 में ड्यूटी के दौरान विनोद कुमार पांडेय ने उनके साथ गाली-गलौज की। मामले की जांच पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), पुलिस केंद्र किशनगंज से कराई गई। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सत्य पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक ने विनोद कुमार पांडेय को भी निलंबित कर दिया।

किशनगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही, अनियमितता अथवा भ्रष्ट आचरण के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई गई है। दोषी पाए जाने वाले किसी भी पुलिस पदाधिकारी या कर्मी के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button