किशनगंजघटना/दुर्घटनाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत, गांव में पसरा मातम

किशनगंज, 22 अगस्त (के.स.। धर्मेन्द्र सिंह, टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के मटियारी पंचायत के वार्ड संख्या 10 में शनिवार को तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतकों में वार्ड सदस्य मो. इजहार के भतीजे और भगिना शामिल बताए जा रहे हैं। दोनों की उम्र करीब 10 और 12 वर्ष बताई गई है।

मटियारी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सफदर हुसैन अंसारी ने बताया कि दोनों बच्चे शनिवार को घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित तालाब में नहाने गए थे। नहाने के दौरान दोनों अचानक तालाब के गहरे पानी में चले गए और डूब गए। आसपास मौजूद लोगों को जब घटना की जानकारी मिली तो ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद तालाब के पास लोगों की भीड़ जुट गई।

ग्रामीणों के अनुसार, दोनों बच्चे तालाब में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक बच्चों के परिजन और रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए। बच्चों की मौत की खबर फैलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे के बाद मृतक बच्चों के घर पर ग्रामीणों और रिश्तेदारों की भीड़ जुट गई। लोग शोकाकुल परिवार को सांत्वना दे रहे हैं। एक साथ दो बच्चों की मौत से पूरे पंचायत क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों बच्चे परिवार के लिए बेहद चहेते थे और उनके अचानक चले जाने से परिजन गहरे सदमे में हैं।

घटना के बाद गांव में तालाबों और गहरे जलस्रोतों के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने अभिभावकों से बच्चों को अकेले तालाब या अन्य गहरे जलस्रोतों में न जाने देने की अपील की है।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button