किशनगंज : नवनियुक्त आरक्षियों की परेड, बैरक व मेस का एसपी ने किया निरीक्षण
किशनगंज,20जनवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने मंगलवार को नवनियुक्त आरक्षियों की परेड, बैरक एवं मेस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने आरक्षियों की परेड का अवलोकन कर उनके अनुशासन, शारीरिक दक्षता एवं प्रशिक्षण स्तर की समीक्षा की।
इसके बाद उन्होंने बैरक एवं मेस का निरीक्षण करते हुए स्वच्छता, आवासीय व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता तथा आरक्षियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में कुछ आवश्यक सुधारों को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नवनियुक्त आरक्षियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं अनुशासित वातावरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे बेहतर ढंग से प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें और भविष्य में अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर सकें।

