किशनगंज : छह दिवसीय राष्ट्रीय युवा कोर प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन

किशनगंज, 13 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत MY Bharat की ओर से राष्ट्रीय युवा कोर (NYC) स्वयंसेवकों के लिए आयोजित छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का गुरुवार को डॉ. कलाम कृषि महाविद्यालय, किशनगंज में समापन हुआ। प्रशिक्षण में कटिहार एवं मधेपुरा जिले के कुल 38 स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को नेतृत्व क्षमता, संचार कौशल, टीमवर्क, सामुदायिक सहभागिता, युवा क्लबों के गठन एवं संचालन तथा सामाजिक एवं व्यवहार परिवर्तन अभियानों से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में विशेषज्ञों और क्षेत्र में सक्रिय युवाओं के साथ संवादात्मक एवं इंटरैक्टिव सत्र भी आयोजित किए गए।
प्रशिक्षण सत्रों में पीपी सिन्हा और नरेश कीर ने विशेष सत्र लेकर स्वयंसेवकों को आवश्यक जानकारी दी। इसके अलावा पूर्व राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों, युवा क्लबों के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न गैर सरकारी संगठनों के अध्यक्षों ने स्वयंसेवकों से संवाद कर अपने अनुभव साझा किए। इन सत्रों के माध्यम से स्वयंसेवकों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और जमीनी स्तर पर कार्य करने की समझ विकसित करने पर जोर दिया गया।
समापन समारोह में प्रशिक्षित सभी स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण किट और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। मौके पर जिला युवा अधिकारी किशनगंज सत्यम त्रिपाठी, जिला युवा अधिकारी कटिहार एवं मधेपुरा नीरज झा समेत अन्य अतिथि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
जिला युवा अधिकारी सत्यम त्रिपाठी ने कहा कि छह दिवसीय प्रशिक्षण में स्वयंसेवकों को व्यवहारिक और उपयोगी जानकारी दी गई है। इसका लाभ उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में कार्य करने में मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित स्वयंसेवक MY Bharat के उद्देश्यों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने और अधिक से अधिक युवाओं को सामाजिक एवं राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के माध्यम से स्वयंसेवकों को अपने जिलों में युवा क्लबों को मजबूत करने, युवाओं को MY Bharat से जोड़ने तथा विभिन्न सामाजिक एवं व्यवहार परिवर्तन अभियानों में सक्रिय भागीदारी के लिए तैयार किया गया।



