किशनगंज : झंडोत्तोलन व केक काटकर राजद ने मनाया 30वां स्थापना दिवस
किशनगंज, 05 जुलाई (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के 30वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को शहर के इंसान स्कूल रोड स्थित पार्टी के जिला कार्यालय में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह में पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम की शुरुआत राजद का झंडा फहराने और दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इसके बाद केक काटकर स्थापना दिवस मनाया गया तथा संगठन की मजबूती का संकल्प लिया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए बहादुरगंज के पूर्व विधायक सह राजद जिलाध्यक्ष अंजार नईमी और पूर्व विधायक मास्टर मुजाहिद आलम ने कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राजद ने अपने 30 वर्षों के सफर में सामाजिक न्याय, सांप्रदायिक सौहार्द और गरीबों, वंचितों तथा पिछड़े वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ी है। उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम प्रभारी महिबुल हसन ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा एनडीए सरकार विभिन्न मोर्चों पर विफल साबित हो रही है। उन्होंने दावा किया कि देश में मध्यावधि चुनाव की संभावनाएं बन रही हैं, जिसके लिए कार्यकर्ताओं को अभी से तैयार रहना चाहिए। 
पूर्व विधायक मास्टर मुजाहिद आलम ने कहा कि समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ता ही राजद की सबसे बड़ी ताकत हैं और उन्हीं के बल पर पार्टी भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करेगी। वहीं अंजार नईमी ने कहा कि स्थापना दिवस का उद्देश्य पार्टी के गौरवशाली इतिहास, समाजवादी विचारधारा और उपलब्धियों से नए कार्यकर्ताओं को परिचित कराना है। 

कार्यक्रम के अंत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों का एकजुट होकर सामना करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर वरिष्ठ राजद नेता उस्मान गनी, दानिश इकबाल, एम.के. रिजवी, शाहिद रब्बानी, देवन यादव, डॉ. नूर आलम, रेहान आलम, खुर्शीद आलम सहित बड़ी संख्या में युवा, छात्र एवं मुख्य संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिला कार्यालय को पार्टी के झंडों और बैनरों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था।



