किशनगंज : वृद्ध महिला से चेन छीनतई मामले का पुलिस ने किया उद्भेदन, सोने की चेन बरामद
किशनगंज,03फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले के डुमरिया ओवरब्रिज के पास 28 जनवरी को वृद्ध महिला से हुई चेन छीनतई की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने रविवार की शाम सोने की चेन बरामद कर ली है। हालांकि, घटना में शामिल गिरोह के सदस्य अब तक गिरफ्तार नहीं हो सके हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
बताया जाता है कि उक्त घटना के उद्भेदन को लेकर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौतम कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पीड़िता की पहचान रूईधासा निवासी वृद्ध महिला ईति घोष के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, 28 जनवरी को वृद्ध महिला अपने निजी कार्य से डे-मार्केट डुमरिया ओवरब्रिज के समीप स्थित एक साइबर कैफे जा रही थीं। इसी दौरान बिना हेलमेट पहने दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बाइक के पास आकर धक्का दे दिया, जिससे महिला सड़क पर गिर पड़ी। इसके बाद बदमाश महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए।
घटना के बाद किशनगंज थाना में संबंधित कांड दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के अनुश्रवण में गठित टीम ने लगातार आसूचना संकलन, तकनीकी अनुसंधान एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना में शामिल बदमाशों की पहचान कर ली है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



