किशनगंज : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का गरिमामय समापन, उत्कृष्ट प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

किशनगंज,03फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अवसर पर आयोजित समापन एवं सम्मान समारोह मंगलवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी विशाल राज एवं विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। 
इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) दीक्षित श्वेतम ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत एक माह तक जिले भर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आम नागरिकों एवं स्कूली बच्चों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान चित्रकला, निबंध, स्लोगन प्रतियोगिताओं के साथ-साथ यमराज वेशभूषा के माध्यम से बच्चों ने प्रभावशाली संदेश प्रस्तुत किया।
सड़क सुरक्षा का संदेश अनोखे ढंग से प्रस्तुत करने वाले छात्र अशहद राजा को यमराज वेशभूषा में उत्कृष्ट प्रस्तुति एवं सामाजिक जागरूकता के लिए जिलाधिकारी विशाल राज द्वारा सम्मानित किया गया। उनकी प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को जिलाधिकारी विशाल राज, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार एवं डीटीओ दीक्षित श्वेतम द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।
चित्रकला प्रतियोगिता (सीनियर वर्ग) में प्रथम पुरस्कार बाल मंदिर की आशी अग्रवाल, द्वितीय डीपीएस की मदीह सरवर (कक्षा V-B) तथा तृतीय क्यूबीएम स्कूल के राजदीप नंदी (कक्षा V) को मिला। जूनियर वर्ग में प्रथम हेलो किड्स की आयशा फलक, द्वितीय माउंट लिटेरा ज़ी स्कूल की सजमा शाह (कक्षा III) एवं तृतीय मिडिल स्कूल खगड़ा की समिया (कक्षा VII-B) रहीं।
निबंध प्रतियोगिता में प्रथम ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की मोना दास (कक्षा X-A), द्वितीय शगर्ल्स हाई स्कूल की अहाना परवीन (कक्षा IX-B) तथा तृतीय बाल मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल की वैष्णवी कुमारी सिंह (कक्षा IX) को पुरस्कार मिला। स्लोगन प्रतियोगिता में प्रथम इंसान हाई स्कूल की साल्का अख्तर (कक्षा X) रहीं।
जिलाधिकारी विशाल राज ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर हम न केवल अपनी, बल्कि दूसरों की जान भी बचा सकते हैं। बच्चों में दी गई यह जागरूकता भविष्य को सुरक्षित बनाएगी। वहीं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि हेलमेट, सीट बेल्ट एवं यातायात नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है, छोटी सावधानी बड़ी दुर्घटनाओं को रोक सकती है।
इस अवसर पर डीएम विशाल राज ने बच्चों एवं अभिभावकों को यातायात नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई। 


कार्यक्रम के सफल आयोजन में एडीटीओ सलिल कुमार, एमवीआई रविंद्र कुमार, तरुण कुमार, सर्वेश कुमार तथा रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव मिक्की साहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंच संचालन रिया यादव एवं शुभम कुमार (जीबीएम स्कूल) ने किया।



