किशनगंज : जेडीयू जिला कार्यकारिणी की बैठक में संगठन की मजबूती पर जोर

किशनगंज, 16 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, शहर के सम्राट अशोक भवन में रविवार को जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की जिला कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जेडीयू के किशनगंज जिलाध्यक्ष फैसल अहमद ने की। बैठक में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और कार्यकर्ताओं की सक्रियता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में ठाकुरगंज विधायक गोपाल अग्रवाल, पूर्व मंत्री सह उर्दू अकादमी सलाहकार समिति के अध्यक्ष नौशाद आलम, खाद आयोग के चेयरमैन प्रहलाद सरकार, मुख्य कार्यालय प्रभारी सह जिला महासचिव रियाज अहमद, उर्दू अकादमी के सदस्य मिस्बाह बुखारी तथा जिला मुख्य प्रवक्ता एहतेशाम अंजुम सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
इसके अलावा नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान, अहमद साहब, कैप्टन साहब, विजय झा, मुजफ्फर हुसैन, अंसूर्रहमान, मुमताज आलम और जानकी सिंहा समेत जिला उपाध्यक्ष, जिला महासचिव, जिला सचिव, जिला कार्यकारिणी के सदस्य, सभी प्रखंड अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने बैठक में भाग लिया।
बैठक के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। नेताओं ने कहा कि पार्टी की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को सक्रिय होकर कार्य करने का आह्वान किया गया।
जिलाध्यक्ष फैसल अहमद ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने पदाधिकारियों से पंचायत एवं बूथ स्तर पर संगठन को और सशक्त बनाने तथा आम लोगों से निरंतर संवाद बनाए रखने की अपील की। बैठक में आगामी दिनों में पार्टी की गतिविधियों को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।



