किशनगंज में नवोदय स्थापना दिवस पर भव्य समारोह, डीएम-एसपी ने किया आर्ट गैलरी का उद्घाटन

किशनगंज, 05 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, मोतीहारा में बुधवार को नवोदय स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने विद्यालय परिसर में स्थापित आर्ट गैलरी का उद्घाटन तथा दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि नवोदय स्थापना दिवस के अवसर पर देशभर के 665 जवाहर नवोदय विद्यालयों में एक साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालयों में कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थियों को भारत सरकार की ओर से पूर्णतः निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराई जाती है। छात्रों को आवास, भोजन, शिक्षा सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी निःशुल्क प्रदान की जाती हैं।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, योग प्रदर्शन, मणिपुरी नृत्य, स्वागत गीत एवं अन्य रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


