District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : लंबित आवेदनों का एक सप्ताह में करें निपटारा, लापरवाही बर्दाश्त नहीं: डीएम

किशनगंज, 27 जुलाई (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्तिथ सभागार में जिला समन्वय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों में लंबित आवेदनों और जन शिकायतों के त्वरित निष्पादन की समीक्षा की गई। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कार्यालयों में लंबित मामलों का हर हाल में एक सप्ताह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।डीएम ने कहा कि बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के तहत “सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। इसके तहत प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल तथा जिला स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में अधिकारी आम लोगों से सम्मानपूर्वक मिलकर उनकी शिकायतें सुनें और उनका गुणवत्तापूर्ण समाधान करें।

उन्होंने बताया कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। सभी कार्यालय प्रधानों को सेवा संवाद एवं समाधान कार्यक्रम की नियमित समीक्षा करने और इसकी प्रभावी मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया।बैठक में जिलाधिकारी नवीन कुमार ने जन्म, मृत्यु, जाति, आय, दाखिल-खारिज, भूमि विवाद, भूमि मापी, परिमार्जन, प्राथमिकी, पेंशन तथा विभिन्न अनुदान योजनाओं से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए। आपदा प्रबंधन की समीक्षा के दौरान सड़क दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को अनुग्रह अनुदान राशि का शीघ्र भुगतान तथा जीआर से संबंधित मामलों को आपदा संपूर्ति पोर्टल पर समय से अपलोड करने को कहा।

शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, राजस्व एवं भूमि सुधार, अल्पसंख्यक कल्याण, कल्याण, मद्य निषेध और आपूर्ति विभाग की समीक्षा करते हुए डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में पेयजल, शौचालय और बिजली की व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।साथ ही कबीर अंत्येष्टि अनुदान, राष्ट्रीय परिवार लाभ, मुख्यमंत्री परिवार लाभ, अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन तथा निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन योजनाओं के लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए गए। डीएम ने सीडब्ल्यूजेसी, एमजेसी, सीपीग्राम, मानवाधिकार एवं सीएम डैशबोर्ड से जुड़े लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने को भी कहा। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button