ग्राम सेवा परियोजना का संकल्प: हरित पर्यावरण, सशक्त समुदाय।”
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एसबीआई फाउंडेशन द्वारा संचालित एवं भारतीय जन उत्थान परिषद द्वारा क्रियान्वित ग्राम सेवा परियोजना के तहत वृक्षारोपण अभियान चलाया गया।

अररिया (अब्दुल कैय्युम)। अररिया जिला के पालासी प्रखंड के सुकसैना पंचायत में में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर SBI Foundation द्वारा संचालित एवं भारतीय जन उत्थान परिषद द्वारा क्रियान्वित ग्राम सेवा परियोजना के अंतर्गत जुरैल, रुपैल, डेगा एवं मैना गांवों में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर परियोजना प्रबंधक किशन मिंज एवं परियोजना समन्वयक दिनेश प्रभाकर ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस 2026 का विषय “प्रकृति से प्रेरित। जलवायु के लिए। हमारे भविष्य के लिए” है। यह विषय प्रकृति से सीखते हुए जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं टिकाऊ भविष्य सुनिश्चित करने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि वन, नदियाँ, मिट्टी, जैव विविधता और स्वच्छ वायु मानव जीवन के आधार हैं तथा इनके संरक्षण के बिना सतत विकास की कल्पना संभव नहीं है।
उन्होंने बताया कि ग्राम सेवा परियोजना के तहत पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण पहलें की जा रही हैं। परियोजना द्वारा क्षेत्र में तालाबों का निर्माण एवं नवीनीकरण किया गया है, जिससे जल संरक्षण एवं भूजल पुनर्भरण को बढ़ावा मिला है। इसके अतिरिक्त विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए गए हैं तथा परियोजना के हस्तक्षेप वाले पांचों गांव—डेगा, मैना, जुरैल, मधैल एवं रुपैल—में कुल 50 सोलर आधारित स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं, जिससे सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिला है और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त हो रही हैं।
SBI Foundation के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) स्वपन धर ने अपने संदेश में कहा कि SBI फाउंडेशन ग्रामीण समुदायों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ जल प्रबंधन ग्राम सेवा परियोजना के प्रमुख फोकस क्षेत्रों में शामिल हैं। परियोजना के तहत “जन वन” अभियान के माध्यम से वृक्षारोपण, गांवों में स्वच्छता साथी वाहनों द्वारा कचरा संग्रहण, जल संरचनाओं का जीर्णोद्धार, सौर विद्युतीकरण एवं अन्य पर्यावरणीय पहलें संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार के अररिया जिले में भारतीय जन उत्थान परिषद के सहयोग से संचालित ये प्रयास SBI फाउंडेशन की पर्यावरणीय प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं। पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे कार्य स्थानीय समुदायों के समग्र कल्याण को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में समुदाय इन पहलों की जिम्मेदारी लेकर उन्हें और अधिक प्रभावी बनाएंगे।
वृक्षारोपण अभियान में ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं एवं परियोजना टीम के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प लिया। परियोजना प्रबंधन ने कहा कि भविष्य में भी जल संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा, वृक्षारोपण एवं हरित ग्राम विकास से जुड़े कार्यक्रमों को और अधिक व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा।
फ़ोटो



