*जीविका से महिला सशक्तीकरण एवं ग्रामीण उद्यमिता को गति देने पर डॉ. प्रेम कुमार ने दिया बल*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में ग्रामीण विकास विभाग, बिहार सरकार के वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जीविका के माध्यम से महिला सशक्तीकरण, स्वरोजगार, जैविक खेती एवं ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने पर विस्तृत विमर्श हुआ और समूहों की गतिविधियों का विस्तार करने तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को और प्रभावी बनाने पर बल दिया गया।
बैठक में जीविका के अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2006 से संचालित इस कार्यक्रम से लगभग 1 करोड़ 60 लाख महिलाएं जुड़ी हैं। स्वयं सहायता समूहों को अब तक लगभग 78,800 करोड़ रुपये का बैंक ऋण तथा सरकार की ओर से लगभग 15,000 करोड़ रुपये की अनुदान राशि उपलब्ध कराई गई है। कृषि व पशुपालन के अतिरिक्त ‘दीदी की रसोई’, सिलाई केंद्र, अस्पतालों एवं छात्रावासों में हाउसकीपिंग तथा लॉन्ड्री जैसे सामूहिक उद्यम संचालित हैं। माननीय अध्यक्ष ने अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया में संचालित दीदी की रसोई की सराहना करते हुए इसे आजीविका एवं सरकारी संस्थानों में बेहतर सेवा का सशक्त माध्यम बताया।
बैठक में जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़वा देने के क्रम में जानकारी दी गई कि सिक्किम की एक सरकारी संस्था के सहयोग से 75 गांवों के लगभग 3,000 किसानों को जैविक खेती का प्रशिक्षण दिया गया है, जबकि लगभग 45,000 किसानों के साथ प्राकृतिक खेती पर कार्य जारी है। वहीं, रूरल मार्ट एवं शी-मार्ट की स्थापना के अंतर्गत सभी 38 जिलों में सरकारी अनुदान एवं नाबार्ड के सहयोग से कार्य प्रगति पर है, तथा पटना के मीठापुर स्थित पांच मंजिला भवन में एक वृहद केंद्र की भी योजना है। माननीय अध्यक्ष ने बोधगया एवं गया नगर विधान सभा क्षेत्र की पहाड़पुर पंचायत में प्रस्तावित मार्ट की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया, साथ ही बोधगया में ‘जनता हाट’ की स्थापना पर भी चर्चा की।
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लगभग 1 करोड़ 69 लाख लाभार्थियों के खातों में आर्थिक सहायता अंतरित की गई है, जिससे प्रेरित होकर महिलाएं पशुपालन, सिलाई व छोटी दुकानों सहित अपने उद्यमों में स्वयं की पूंजी भी लगा रही हैं। बिना गारंटर व प्रसंस्करण शुल्क के 12 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर यह ऋण प्रदान किया जा रहा है। माननीय अध्यक्ष ने नवादा के हिसुआ क्षेत्र की कमजोर वर्ग की महिलाओं को जीविका से जोड़कर अपेक्षित सहयोग देने का निर्देश दिया।
अंत में माननीय अध्यक्ष ने गयाजी सहित अन्य क्षेत्रों में जैविक खेती के विस्तार, प्रशिक्षण, उद्यमिता के अवसर बढ़ाने तथा उत्पादों के सुगम विपणन पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने यथाशीघ्र गया जिले का भ्रमण कर जीविका समूहों की महिलाओं से सीधे संवाद करने तथा कार्यों का स्थलीय जायजा लेने की इच्छा व्यक्त की।
बैठक में जीविका के मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी श्री हिमांशु शर्मा सहित जीविका एवं सभा सचिवालय के वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

