किशनगंज : वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने बुजुर्गों को कानूनी अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी

किशनगंज, 23 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार व्यवहार न्यायालय परिसर, किशनगंज में मंगलवार को वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, सशक्तिकरण एवं गरिमा विषय पर विशेष कानूनी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन “वरिष्ठजन अधिकार, सशक्तिकरण और गरिमा” (जागृति योजना-2025) के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकार, किशनगंज द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ओम शंकर ने की। इस अवसर पर पैनल अधिवक्ता महादेव प्रसाद दिनकर ने उपस्थित लोगों को वरिष्ठ नागरिकों के कानूनी अधिकारों, सुरक्षा तथा सम्मानजनक जीवन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ‘माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम’ के प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए बुजुर्गों को उपलब्ध कानूनी संरक्षण एवं सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिव ओम शंकर ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनकी सुरक्षा, सम्मान तथा अधिकारों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार जरूरतमंद बुजुर्गों को हर संभव कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों से कहा कि किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या या सहायता की आवश्यकता होने पर वे जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क कर सकते हैं। प्राधिकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बुजुर्ग न्याय और विधिक सहायता से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर उनके विधिक प्रश्नों एवं शंकाओं का समाधान भी किया गया तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।



