ठाकुरगंज : आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत चल रहे इवेंट-2 (अपने पुलिस बल को जानें)

किशनगंज, 30 मई (के.स.)। फरीद अहमद, ठाकुरगंज मंगलवार को आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत चल रहे इवेंट-2 (अपने पुलिस बल को जानें) के तहत मधुकर अमिताभ, कमान्डेंट 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के दिशा निर्देश पर भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल की ‘ई’ समवाय कदूवीटा के जवानों द्वारा ‘बिहान’ गैर सरकारी संस्था के साथ उनके द्वारा बनाये गए उज्ज्वला समूह से सम्बंधित दलवाहाट, हाईस्कूल, मिर्जापुर, ठाकुरगंज, किशनगंज के स्कूली छात्राओं को सीमा क्षेत्र का भ्रमण करवाया गया।
सर्व प्रथम कार्यक्रम की शुरुआत में मागा राम, सहायक कमान्डेंट चिकित्सा द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित ‘बिहान’ गैर सरकारी संस्था से आये हुए सभी सदस्यों और छात्राओं का तहे दिल से स्वागत और अभिनन्दन किया गया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को बताया कि सीमा पर तैनात हमारे जवान देश की सुरक्षा के साथ साथ समाज की उन्नति के लिए हमेशा प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हम लोग अपने कार्यों में दिन रात लगे रहते हैं, उसी प्रकार आप लोग भी अच्छे कार्यों में दिन रात लगे रहें। इस दौरान छात्राओं को बल की सदस्या जवानों के साथ मुखातिब होने का अवसर प्रदान हुआ और साथ ही बल की महिला सदस्याओं द्वारा स्कूली छात्राओं को भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र से अवगत करवाया गया। सीमा पर भ्रमण के दौरान छात्राओं को सशस्त्र सीमा बल द्वारा किये जाने वाले कार्यों तथा कर्तव्यों से अवगत करवाया गया। छात्राओं ने सीमा पर जाकर नो मैंस लैंड, सीमा स्तम्भ को देखा साथ ही भौगोलिक जानकारियां प्राप्त कीं।
बिहान, गैर सरकारी संस्था से आये हुए पदाधिकारियों में रणधीर सिंह, डिस्ट्रिक्ट को-ऑर्डिनेटर एवं प्रकाश कुमार, कंसलटेंट ने 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की भूरि-भूरि प्रशंशा करते हुए कहा कि सशस्त्र सीमा बल के इन कार्यों को देखकर सभी छात्राओं को बहुत कुछ सीखने का मौका मिला है। इसी क्रम में सभी छात्राओं को केन्द्रीय सशस्त्र बलों में आने के अवसरों से अवगत कराया गया और समझाया गया कि कैसे वह बल का हिस्सा बन सकती हैं।
बल के सभी मापदंडों के बारे में विस्तृत जानकारी के साथ सभी छात्रायें अत्यधिक प्रभावित हुईं, और उन्होंने बल का हिस्सा बनने में अपनी रूचि प्रकट की। कार्यक्रम के दौरान उप निरीक्षक प्रदीप कुमार, उप निरीक्षक संचार दिनकर कुमार मिश्रा, मुख्य आरक्षी राजेश्वर बेसरा, आरक्षी नितिन बतवाडिया, आरक्षी आरती कुमारी, रीना राम, हेमेश्वरी देवी, वाई. यमुना, मंजू गंगवार सहित अन्य मौजूद थे।