ताजा खबर

खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 (कुश्ती) : डबल वेइन को सपोर्ट करने वाली हरियाणा की नैना ने अपना खिताब बचाया, यूपी के दो पहलवानों का स्वर्ण पदक पर कब्जा

मनीष कुमार कमलिया: विश्व चैंपियन को धूल चटाकर सुर्खियों में आई हरियाणा की पहलवान नैना ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स में लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीतकर अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव कर लिया जबकि उत्तर प्रदेश के भी दो पहलवान स्वर्ण जीतने में सफल रहे।

नैना ने तमिलनाडु में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2024 में भी स्वर्ण पदक जीता था। वहां उन्होंने विश्व चैंपियन रितिका को हराया था। वह स्कूल नेशनल गेम्स में भी अंडर-19 आयु वर्ग में कांस्य पदक जीत चुकी हैं।

नैना ने यहां ज्ञान भवन में जारी खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 में कुश्ती स्पर्धा में लड़कियों की अंडर-17 वर्ग के 49 किग्रा में अपने क्वालीफिकेशन मुकाबले में पहले तो महाराष्ट्र की प्रतिक्षा धनाजी कोली को एकतरफा अंदाज में 10-0 से धूल चटा दी। इसके बाद उन्होंने क्वार्टर फाइनल में गुजरात की मकवाना धार को 12-2 के बड़े अंतर से मैट पर रौंद दिया।

नैना यहीं नहीं रुकी और उन्होंने फिर सेमीफाइनल में राजस्थान की कोमल वर्मा को 5-0 से करारी शिकस्त दे दी। हरियाणा की इस 17 साल की पहलवान ने इसके बाद फाइनल में दिल्ली की अदिति कुमारी को 7-4 के अंतर से हराकर खेलो इंडिया यूथ गेम्स में अपना लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीत लिया।

लड़कियों की अंडर-17 वर्ग के 49 किग्रा में अदिति के रजत पदक के अलावा राजस्थान की कोमल वर्मा और पंजाब की दमनप्रीत कौर ने रेपचेज मुकाबले में जीत दर्ज करते हुए कांस्य पदक हासिल किया।

वहीं, लड़कियों की अंडर-17 वर्ग के 61 किग्रा वर्ग में उत्तर प्रदेश की शिल्पी ने मैट पर अपना दमदार दांव-पेच दिखाया और स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। शिल्पी ने अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पंजाब की विशाखा को 10-0 से जबकि सेमीफाइनल में भी विशाखा को ही रौंदते हुए फाइनल मुकाबले में प्रवेश किया।

उत्तर प्रदेश की इस पहलवान ने फिर फाइनल में हरियाणा की टीना पुनिया को एक रोमांचक मुकाबले में 4-3 से मात देकर स्वर्ण पदक जीत लिया। लड़कियों की अंडर-17 वर्ग के 61 किग्रा वर्ग में दिल्ली की मानया राजपूत और महाराष्ट्र की श्रुति श्रीनाथ ने अपने रेपचेज मुकाबले जीतकर कांस्य पदक अपने नाम किया।

लड़कों के अंडर-17 फ्रीस्टाइल वर्ग में हरियाणा के हर्ष ने 51 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर अपने राज्य के लोगों को खुशी मनाने का मौका दे दिया। इसी कटेगरी में महाराष्ट्र के प्रवण सुधीर ने रजत और दिल्ली के शुभम तथा महाराष्ट्र के हर्षवर्धन धानाजी जाधव ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।

लड़कों के ही अंडर-17 ग्रीको रोमन वर्ग में उत्तर प्रदेश के आदित्य गुप्ता ने 55 किग्रा वर्ग में दिल्ली के योगेश को पटखनी देखकर सोना अपने नाम किया। इसी वर्ग में पंजाब के आशीष कुमार और महाराष्ट्र के आदित्य शिवाजी भी कांस्य पदक जीतने में सफल रहे।

लड़कों के अंडर-17 फ्रीस्टाइल वर्ग में ही हरियाणा के अर्जुन रुहील ने 92 किग्रा वर्ग में मैट पर अपना दबदबा कायम रखते हुए स्वर्ण पर कब्जा जमा लिया। इसी वर्ग में महाराष्ट्र के सूरज को रजत और दिल्ली के नीरज तथा राजस्थान के मनीष चौधरी को कांस्य पदक मिला।

लड़कों के ही अंडर-17 ग्रीको रोमन वर्ग 65 किग्रा में हरियाणा के रोविंद ने स्वर्ण, उनके ही राज्य के अनुज ने रजत और उत्तर प्रदेश के विनय तोमर तथा राजस्थान के विष्णु कुमार के हिस्से कांस्य पदक आया। इसी कटेगरी के 80 किग्रा वर्ग में महाराष्ट्र के परम लक्षमण ने स्वर्ण, हरियाणा के सचिन कुमार ने रजत और उत्तर प्रदेश के सन्नी बैसला तथा दिल्ली के पंकज ने कांस्य पदक जीता।

 

For More on Khelo India Youth Games, click: https://youth.kheloindia.gov.in/
For Medal Tally of KIYG 2025, click: https://youth.kheloindia.gov.in/medal-tally

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button