भारत पर्व (Bharat Parv) प्रदर्शनी में Jharkhand के धुसका, आलू चने की सब्जी, मड़ुआ छिलका रोटी को मिल रही सराहना
भारत पर्व में आईएचएम रांची (IHM Ranchi) द्वारा झारखंड के विशिष्ट व्यंजनों की लगाई गई प्रदर्शनी
रांची : पर्यटन मंत्रालय केंद्र सरकार द्वारा लालकिला नई दिल्ली (New Delhi) में आयोजित लोक उत्सव भारत पर्व में आइएचएम रांची के व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई। झारखंड सरकार के नेतृत्व एवं प्रयोजन में इंस्टीट्यूट आफ होटल मैनेजमेंट (IHM Ranchi) रांची द्वारा झारखंड की पारंपरिक व्यंजनों जैसे चावल की चाय, धुसका, आलू चने की सब्जी, मड़ुआ छिलका रोटी, टमाटर की चटनी, डूम्बु, अरसा पीठा जैसे पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी भारत पर्व में लगाई गई है। जिसके स्वाद को पर्यटक के द्वारा बहुत सराहा जा रहा है। साथ ही भारत पर्व के दौरान आईएचएम रांची द्वारा बनाए गए मडुआ से बनाए गए बर्तन एवं कटलरी जिसे लोग खा भी सकते हैं, की प्रदर्शनी की जा रही है।
देश के कुछ राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों का लाइव शो 29 और 30 जनवरी को किया जाएगा, जिसमें आइएचएम रांची द्वारा तैयार अरक रासी तथा झारखंड की मिलेट मडुआ आधारित मडुआ लड्डू भी लाइव कुकिंग शो में प्रदर्शित किया जाएगा। भारत पर्व में झारखंड राज्य की ओर से आइएचएम रांची के प्राचार्य डा. भूपेश कुमार के नेतृत्व में रवि कुमार, वरिष्ठ व्याख्याता तथा रजनीश कुमार सिंह, सहायक व्याख्याता भारत पर्व का संचालन कर रहे हैं। इसके अलावे झारखंड राज्य के कला-संस्कृति विभाग द्वारा राज्य के विभिन्न संस्कृति को दर्शाते हुए विभिन्न नृत्य जैसे छऊ, पाइका एवं संथाल नृत्य की प्रस्तुति दी जा रही है।