डीएम की अध्यक्षता में जल-जीवन-हरियाली दिवस का आयोजन किया गया।।…

वक्ताओं ने कहाः जल एवं हरियाली के बिना जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती
पारिस्थितिकीय संतुलन एवं ग्लोबल वार्मिंग को रोकने के लिए हम सबको प्रतिबद्ध रहने की आवश्यकता: डीएम
त्रिलोकी नाथ प्रसाद– जिला पदाधिकारी, पटना डॉ. चन्द्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में आज जल-जीवन-हरियाली दिवस पर समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका आयोजन जिला जन-सम्पर्क कार्यालय, पटना द्वारा किया गया। इसमें जल-जीवन-हरियाली विषय पर परिचर्चा आयोजित की गई। उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, निदेशक डीआरडीए, जिला मत्स्य पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता लघु जल संसाधन विभाग, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी शिक्षा, कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, कार्यपालक अभियंता लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, कृषि विभाग के प्रतिनिधि एवं अन्य ने भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि जल एवं हरियाली के बिना जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती।
डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि बिहार की पारिस्थितिकीय चुनौतियों एवं पर्यावरण में परिवर्तन को देखते हुए सरकार द्वारा जल-जीवन-हरियाली अभियान की शुरूआत की गई। यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान है। जल है, हरियाली है तभी जीवन है। हम सबको इसके प्रति संवेदनशील तथा तत्पर रहना होगा। सभी क्रियान्वयन विभागों को अपने-अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन करना होगा। जलवायु परिवर्तन एवं उसके बढ़ते दुष्परिणामों को रोकने के लिए जल-जीवन-हरियाली अभियान के सभी अवयवों के प्रति हम सबको प्रतिबद्ध रहना पड़ेगा।