अपराधकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज में अंतरजिला शटर कटवा गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

किशनगंज, 14 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, शहर में दुकानों के शटर उठाकर व काटकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले अंतरजिला शटर कटवा गिरोह का किशनगंज पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले से गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई चादर, चोरी के 6,800 रुपये और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह में मोतिहारी, सीतामढ़ी और नेपाल के अपराधी शामिल हैं। अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

शुक्रवार को एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि 8 अगस्त को गांधी चौक निवासी कमल कुमार विहानी ने किशनगंज थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनकी जीवन ज्योति दवा दुकान का शटर उठाकर अंदर प्रवेश किया और कैश काउंटर का ताला तोड़कर करीब 50 हजार रुपये चोरी कर लिए। इस मामले में किशनगंज थाना कांड संख्या 882/26 दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर अंचल पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मोतिहारी जिले के जितना थाना क्षेत्र के कोइरगामा निवासी भोला सहनी, नीरज कुमार तथा दरपा थाना क्षेत्र के सुखालिया निवासी सन्नी कुमार को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गिरोह के सदस्य पहले दूरदराज के इलाकों में दुकानों और शोरूम की रेकी करते थे।इसके बाद रात में कई सदस्य दुकान के सामने चादर लगाकर खड़े हो जाते थे, ताकि अंदर की गतिविधियां बाहर से दिखाई न दें। कुछ सदस्य शटर उठाकर या काटकर दुकान में प्रवेश करते थे, जबकि अन्य बाहर रहकर निगरानी रखते थे। चोरी के बाद सभी अलग-अलग रास्तों से फरार हो जाते थे।

पुलिस अब गिरोह के अन्य पांच सदस्यों की गिरफ्तारी और चोरी की शेष राशि बरामद करने के लिए छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। छापामारी एवं तकनीकी टीम में एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह, अंचल पुलिस निरीक्षक राम बलेश्वर राय, जिला आसूचना इकाई के प्रभारी मो. मुश्ताक, सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सोना कुमार, रवि शंकर कुमार, नीतीश कुमार, धीरज कुमार, प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक सौरव कुमार, पीटीसी मुकेश कश्यप, सिपाही सुनील कुमार एवं धनंजय कुमार सहित जिला आसूचना इकाई के पदाधिकारी-कर्मी और सशस्त्र बल शामिल थे।

Related Articles

Back to top button