किशनगंज : ईद-उल-फितर को लेकर पुलिस अलर्ट, ड्यूटी पर तैनात बल का निरीक्षण

किशनगंज,20मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, ईद-उल-फितर पर्व के मद्देनज़र जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 गौतम कुमार द्वारा विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पर्व के दौरान विशेष सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों के निर्वहन का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ईद के अवसर पर कहीं भी किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जाए।
इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए भीड़-भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा। साथ ही गश्ती दलों को लगातार भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने आमजन से अपील की है कि वे आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।


