प्रमुख खबरें

कृषि भवन परिसर में इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन

हरित ऊर्जा और सतत विकास की दिशा में कृषि विभाग की नई पहल

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/कृषि भवन में हरित अधोसंरचना की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

कृषि भवन, मीठापुर, पटना परिसर में इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन प्रधान सचिव, कृषि विभाग, बिहार श्री नर्मदेश्वर लाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर श्री ए. के. सामंतराय, कार्यकारी निदेशक सह राज्य प्रमुख (इंडियन ऑयल), बिहार भी उपस्थित थे।

उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान प्रधान सचिव ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन की स्थापना पर्यावरण संरक्षण, हरित ऊर्जा के उपयोग एवं सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने से न केवल कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी, बल्कि स्वच्छ एवं हरित परिवहन व्यवस्था को भी बल मिलेगा। यह कदम राज्य सरकार की पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता और जलवायु परिवर्तन से निपटने की दूरदर्शी सोच को दर्शाता है।

श्री ए. के. सामंतराय ने कहा कि इस प्रकार की अधोसंरचना के विकास से सरकारी परिसरों में ऊर्जा दक्षता को बढ़ावा मिलेगा तथा आमजन को भी इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने के लिए प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने इसे भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

कृषि भवन परिसर में स्थापित यह इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आगंतुकों के लिए सुविधाजनक एवं उपयोगी सिद्ध होगा। यह पहल बिहार को हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल राज्य के रूप में आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सार्थक कदम है।

इस अवसर पर श्री बीरेंद्र प्रसाद यादव, विशेष सचिव, श्री शैलेन्द्र कुमार, विशेष सचिव; श्री सौरभ सुमन यादव, निदेशक, कृषि, श्री अभिषेक कुमार, निदेशक, उद्यान, श्रीमती कल्पना कुमारी, अपर सचिव, कृषि विभाग, श्री मनोज कुमार, अपर सचिव सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारीगण भी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!