District Adminstrationअपराधकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज पुलिस की साप्ताहिक कार्रवाई में 368 ग्राम स्मैक और 60 मवेशी जब्त

शराब, एमडीएमए, यूरिया व लॉटरी टिकट भी बरामद, वाहनों से 5.70 लाख रुपये जुर्माना

किशनगंज, 07 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, अवैध बालू, शराब, मादक पदार्थ, पशु तस्करी, गृहभेदन और मोटरसाइकिल चोरी समेत विभिन्न आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ किशनगंज पुलिस का विशेष अभियान जारी है। पुलिस की ओर से 31 अगस्त से 6 सितंबर 2026 तक चलाए गए अभियान में बड़ी मात्रा में अवैध सामान बरामद करने के साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों से 5 लाख 70 हजार 100 रुपये शमन राशि वसूली गई।

पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान 368.72 ग्राम स्मैक बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 5.97 ग्राम एमडीएमए भी जब्त किया गया। कार्रवाई में 79.38 लीटर विदेशी शराब, 60 मवेशी और 170 बोरा यूरिया खाद भी बरामद किया गया।

पुलिस ने अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों पर भी कार्रवाई की। इस दौरान एक ट्रक, छह ट्रैक्टर, एक पिकअप, पांच मोटरसाइकिल और एक ई-रिक्शा जब्त किया गया। इसके अलावा छह मोबाइल, एक चाबी, एक तिरपाल और एक जुगाड़ गाड़ी भी बरामद की गई।

अभियान के दौरान अवैध लॉटरी के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने 1850 लॉटरी टिकट और 1480 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस का कहना है कि वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ अवैध शराब, मादक पदार्थ, पशु तस्करी, जुआ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने आम लोगों से मादक पदार्थों से संबंधित सूचना एएनटीएफ हेल्पलाइन नंबर 9031816150 पर देने की अपील की है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने का भरोसा दिलाया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button