किशनगंज : रमजान ब्रिज से इमलीगोला चौक तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
एसडीएम और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी की मौजूदगी में हटाया गया अतिक्रमण, दोबारा कब्जा करने पर कार्रवाई की चेतावनी

किशनगंज, 07 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, शहर में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के खिलाफ सोमवार को नगर परिषद की ओर से अभियान चलाया गया। अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत शहरी क्षेत्र के रमजान ब्रिज और पश्चिमपाली के आसपास से की गई। इस दौरान एसडीएम अनिकेत कुमार और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी प्रवीण कुमार मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सदर थाना की पुलिस भी तैनात रही।
नगर परिषद की टीम ने पहले दिन रमजान ब्रिज से इमलीगोला चौक तक सड़क के दोनों किनारों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए दुकानों और दुकानों के बाहर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई। प्रशासन की मौजूदगी में अतिक्रमित जमीन को खाली कराया गया।
अभियान के दौरान कई दुकानदारों द्वारा दुकान के बाहर सामान रखकर सड़क की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। वहीं, कुछ दुकानदारों को भविष्य में सड़क और सार्वजनिक स्थान पर अतिक्रमण नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।
अभियान में शामिल अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि सरकारी जमीन, सड़क और सार्वजनिक स्थान पर दोबारा अतिक्रमण करने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से सड़क किनारे अतिक्रमण कर दुकान लगाने वाले लोगों में हड़कंप रहा। अभियान के दौरान पुलिस बल और दंडाधिकारी की मौजूदगी में कार्रवाई किए जाने से किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
नगर परिषद के अधिकारियों के अनुसार शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और सड़क तथा सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में शहर के अन्य हिस्सों में भी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।



