District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्य

किशनगंज सदर अस्पताल में आईसीयू सेवा शुरू, गंभीर मरीजों को अब जिले में मिलेगा बेहतर इलाज

किशनगंज, 05 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी मजबूती देते हुए सदर अस्पताल में 10 बेड वाले आधुनिक गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) का बुधवार को उद्घाटन जिलाधिकारी नवीन कुमार ने किया। पहले चरण में दो वेंटिलेटर युक्त बेड से सेवा शुरू की गई है, जबकि आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता के साथ सभी 10 बेड चरणबद्ध तरीके से संचालित किए जाएंगे।

अब तक सड़क दुर्घटना, हृदयाघात, मस्तिष्काघात, गंभीर संक्रमण, श्वसन संबंधी जटिलताओं और प्रसव के दौरान उत्पन्न गंभीर स्थितियों में मरीजों को बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर करना पड़ता था। इससे उपचार में देरी होती थी और मरीजों के जीवन पर खतरा बढ़ जाता था। नई आईसीयू सुविधा शुरू होने से गोल्डन ऑवर के भीतर गंभीर मरीजों को वेंटिलेटर सहायता, गहन निगरानी और विशेषज्ञ उपचार जिले में ही उपलब्ध हो सकेगा।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार आईसीयू के संचालन के लिए प्रशिक्षित पैरामेडिकल कर्मियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही जनरल सर्जन और एनेस्थेटिस्ट की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल इलाज मिल सके।

इस सुविधा का सबसे बड़ा लाभ जटिल प्रसूति सेवाओं में मिलेगा। पहले उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं और जटिल सिजेरियन मामलों को रेफर करना पड़ता था, लेकिन अब आईसीयू उपलब्ध होने से ऐसे मरीजों का उपचार सदर अस्पताल में ही संभव होगा। इससे सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा मिलेगा और मातृ एवं नवजात मृत्यु दर में कमी लाने में मदद मिलेगी।

उद्घाटन के दौरान जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक को उसके जिले में ही गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आईसीयू शुरू होने से गंभीर मरीजों को समय पर इलाज मिलेगा और अनावश्यक रेफरल कम होंगे। जल्द ही सभी 10 बेड पूरी क्षमता के साथ संचालित किए जाएंगे।

सिविल सर्जन ने कहा कि यह सुविधा ट्रॉमा केयर, क्रिटिकल केयर, जटिल सर्जरी और सुरक्षित मातृत्व सेवाओं को नई मजबूती देगी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में गंभीर मरीजों के समन्वित उपचार के लिए आवश्यक चिकित्सकीय व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है। आईसीयू की शुरुआत को जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button