अपराधबिहारब्रेकिंग न्यूज़

सहरसा : जिले के बलवाहाट थाना क्षेत्र में अपराध की साजिश नाकाम, हथियार व गोली के साथ दो अपराधी गिरफ्तार

बलवाहाट क्षेत्र में पुलिस व एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में लोडेड कट्टा व गोली बरामद, चार चक्का वाहन जब्त

सहरसा, 14 सितंबर (के.स.)। अजय कुमार, जिले के बलवाहाट थाना पुलिस और एसटीएफ पटना की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने अपराध की बड़ी घटना को अंजाम देने से पहले दो बदमाशों को हथियार व गोली के साथ गिरफ्तार किया है। बदमाशों के पास से एक चार चक्का वाहन भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों बदमाश किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में था। समय रहते मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उनके मंसूबे पर पानी फेर दिया। मामले की जानकारी सोमवार को एसडीपीओ निशिकांत भारती ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि रविवार को बलवाहाट थानाध्यक्ष राजू कुमार को सूचना मिली थी कि एक चार चक्का वाहन से दो बदमाश सिमरी बख्तियारपुर की ओर से बलवाहाट की तरफ जा रहा है। दोनों किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी था। सूचना मिलते ही इसकी जानकारी वरीय पुलिस पदाधिकारियों को दी गई। इसके बाद सूचना का सत्यापन कर पुलिस टीम को कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

विशेष टीम गठित कर शुरू की गई वाहन जांच

वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में बलवाहाट थानाध्यक्ष राजू कुमार, पुअनि ऋतु रानी, मसि प्रीति कुमारी, सिपाही वशिष्ट कुमार के अलावा एसटीएफ पटना की टीम को शामिल किया गया। टीम ने संभावित रास्तों पर वाहन जांच शुरू कर दी।

इसी दौरान सिमरी बख्तियारपुर की दिशा से बलवाहाट की तरफ जा रहा एक चार चक्का वाहन को खोजूचक चौक के पास पुलिस ने रोक लिया। पुलिस टीम ने वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की में स्टेपनी चक्का के नीचे छिपाकर रखा गया एक लोडेड कट्टा और एक गोली बरामद हुआ। हथियार बरामद होते ही पुलिस ने वाहन को जब्त कर उसमें सवार दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में दोनों की हुई पहचान

पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर गिरफ्तार बदमाशों ने अपना नाम बलवाहाट थाना क्षेत्र के महम्मदपुर गांव के वार्ड संख्या छह निवासी सोगेन्द्र यादव के पुत्र बिमलेश यादव तथा करूआ गांव के वार्ड संख्या छह निवासी सत्तो यादव के पुत्र नीरज यादव बताया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

दोनों बदमाशों का रहा है आपराधिक इतिहास

एसडीपीओ निशिकांत भारती ने बताया कि गिरफ्तार दोनों बदमाशों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। बिमलेश यादव के विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में कुल छह मामले दर्ज हैं। वहीं, नीरज यादव के विरुद्ध भी विभिन्न थानों में सात मामले पूर्व से दर्ज हैं। पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास को खंगालने के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि वे किस आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे और उनके साथ अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

एसडीपीओ ने बताया कि दोनों बदमाशों से आवश्यक पूछताछ पूरी करने के बाद सोमवार को सहरसा न्यायालय भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button