ठाकुरगंज में गृहभेदन मामले का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

किशनगंज, 04 जुलाई (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में गृहभेदन (घर में चोरी) के एक मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में गृहभेदन की घटनाओं की रोकथाम और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में 2 जुलाई 2026 को हुई चोरी की घटना के संबंध में ठाकुरगंज थाना कांड संख्या 201/26 दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी शुरू कर दी।
जांच के दौरान प्राप्त मानवीय एवं तकनीकी सूचनाओं के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ)-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमलझाड़ी निवासी 19 वर्षीय असगर आलम, नावडूबा निवासी 54 वर्षीय जमालुद्दीन तथा 20 वर्षीय कबतुल्ला के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनके स्वीकारोक्ति बयान और निशानदेही पर चोरी गए सामानों की बरामदगी भी की गई। बरामद सामानों में तीन पंखे, एसी का कॉपर पाइप, कॉपर क्वाइल वायर, बिजली का तार, एल्यूमिनियम फ्रेम, एल्यूमिनियम पाइप तथा बाइक के पहिए का रिम शामिल हैं।
इस कार्रवाई में एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह के अलावा अंचल पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार पंथ, थानाध्यक्ष अंजय अमन, पुलिस अवर निरीक्षक आनंद मोहन, सौरव कुमार, अभिषेक कुमार चौधरी तथा ठाकुरगंज थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही जिले में चोरी और गृहभेदन जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।


