बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने आज अपने कार्यालय कक्ष में अमर शहीद जगदेव बाबू की जयंती के अवसर पर उनके तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/इस अवसर पर डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि अमर शहीद जगदेव बाबू सामाजिक न्याय, समता और शोषित-वंचित समाज के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष करने वाले महान विचारक एवं क्रांतिकारी नेता थे। उन्होंने अन्याय, असमानता और सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध निर्भीक होकर आवाज उठाई और अपने विचारों व सिद्धांतों के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि जगदेव बाबू का जीवन हमें यह प्रेरणा देता है कि लोकतंत्र की सच्ची मजबूती तभी संभव है, जब समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक न्याय और अवसर पहुँचे। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और नई पीढ़ी को उनके संघर्ष, साहस और सामाजिक प्रतिबद्धता से सीख लेने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि अमर शहीद जगदेव बाबू का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और उनका जीवन समाज में समानता, भाईचारे एवं न्याय की स्थापना के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।



