अपराधकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज में 3 करोड़ की हेरोइन बरामद, तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

रामपुर चेक पोस्ट के समीप की गई कार्रवाई

किशनगंज, 29 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, किशनगंज पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डेढ़ किलोग्राम मादक पदार्थ हेरोइन जैसी प्रतिबंधित सामग्री के साथ तीन अंतरराज्यीय मादक पदार्थ गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई रविवार की शाम को रामपुर चेक पोस्ट के पास की गई।बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन और 9,950 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बहादुरगंज थाना क्षेत्र के लोहागारा इस्तमा टोला निवासी 22 वर्षीय फिरोज अंसारी, 28 वर्षीय अमजद अंसारी उर्फ इस्मता उर्फ गामा तथा 23 वर्षीय रहीस अंसारी उर्फ सागर साह के रूप में हुई है।

एसडीपीओ वन खुसरू सिराज ने सोमवार को अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि गुप्त एवं तकनीकी सूचना मिली थी कि एक गिरोह बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की खेप लेकर किशनगंज पहुंचने वाला है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ वन खुसरू सिराज के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में जिला आसूचना इकाई, एएनटीएफ, किशनगंज थाना पुलिस तथा अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया।

एसडीपीओ खुसरू सिराज ने बताया कि रामपुर चेक पोस्ट के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान मालदा (पश्चिम बंगाल) से आ रही एक बस से दो व्यक्ति बैग लेकर उतरे और वहां पहले से मौजूद एक अन्य व्यक्ति से मिलने लगे। पुलिस की मौजूदगी देख तीनों भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया।मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में की गई तलाशी के दौरान आरोपियों के बैग से कुल डेढ़ किलोग्राम मादक पदार्थ हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद हुआ।

नेटवर्क खंगाल रही है पुलिस

जांच एजेंसियां अब इस बात का भी पता लगा रही हैं कि आखिर करोड़ों रुपये की यह हेरोइन किसके लिए लाई जा रही थी, इसका अंतिम ठिकाना कहां था और इस पूरे नेटवर्क के पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं।पुलिस गिरोह के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक, आर्थिक स्रोत और अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति की भी जांच कर रही है।

संदिग्ध गतिविधि की पुलिस को दे सूचना

एसपी संतोष कुमार ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान और अधिक तेज किया जाएगा तथा आम लोगों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील की गई है।इस मामले में किशनगंज थाना कांड संख्या 694/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 111 तथा एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

टीम में ये थे शामिल

एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज, जिला आसूचना इकाई के प्रभारी मो. मुश्ताक, किशनगंज सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, अवर निरीक्षक रविशंकर कुमार, अवर निरीक्षक सोना कुमार, अवर निरीक्षक आनंद मोहन, अवर निरीक्षक बिक्रम कुमार, अवर निरीक्षक सतीश तिवारी, अवर निरीक्षक रेहान अहमद, अवर निरीक्षक प्रिंस कुमार, प्रशिक्षु अवर निरीक्षक सौरव कुमार, पीटीसी मनीष कुमार भारती,मुकेश कुमार कश्यप, सिपाही नागेन्द्र कुमार, प्रशांत कुमार,अमित कुमार , कन्हैया कुमार, धनंजय कुमार, सुमित कुमार शामिल थे।

Related Articles

Back to top button