अररिया : पलासी में बाढ़ राहत अनुश्रवण समिति की बैठक, तैयारियों की हुई समीक्षा

अररिया, 18 अगस्त (के.स.)। अब्दुल कैय्यूम, पलासी प्रखंड मुख्यालय स्थित सभा भवन में मंगलवार को प्रखंड स्तरीय बाढ़ राहत अनुश्रवण निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख चिंता देवी ने की। इस सदौरान बाढ़ से पूर्व प्रशासनिक तैयारियों और राहत व्यवस्था को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में वर्षा मापक यंत्र की मरम्मत, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर नजरिया नक्शा तैयार करने, नावों की उपलब्धता व स्थिति, पुराने एवं सरकारी नावों की स्थिति, आश्रय स्थलों की व्यवस्था, बाढ़ के दौरान खाद्यान्न की उपलब्धता, पॉलीथिन शीट, दवाइयों की उपलब्धता तथा शरण स्थलों की पहचान सहित कई मुद्दों की समीक्षा की गई। साथ ही बाढ़ के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने को लेकर भी चर्चा हुई।
बैठक में मुखिया मोहम्मद रागिब, मोहम्मद आदिल, राम कृपाल विश्वास सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भंगोरा, कोडहेली, रिकी धार और बच्चा खाड़ी नदी में नाव उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा। इस पर सीओ अंशु कुमार सिंह ने बताया कि अंचल में पूर्व से आठ नाव उपलब्ध थीं, जबकि विधायक की ओर से छह नाव उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें तीन नाव धारों में लगाई गई हैं और तीन नाव फिलहाल उपलब्ध हैं।
स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी जहांगीर आलम ने बताया कि वर्तमान में सर्पदंश की दवा की 650 वायल उपलब्ध हैं। सीओ ने बताया कि बाढ़ के दौरान प्रभावित लोगों को ठहराने के लिए संबंधित पंचायतों के हाई स्कूल, मिडिल स्कूल के अलावा दो आश्रय स्थल चिह्नित किए गए हैं। बाढ़ के दौरान खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी एमओ को सौंपी गई।
बैठक में पूर्ण एवं आंशिक रूप से प्रभावित पंचायतों में संचार योजना को प्रभावी बनाने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत संबंधित विभागों से कराने, पशुओं के लिए दवाइयों एवं चारे की पर्याप्त व्यवस्था करने पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर त्वरित राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने की तैयारी पर जोर दिया।
इस अवसर पर बीडीओ कुमार अनिकेत, सीओ अंशु कुमार सिंह, थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, पीओ अख्तर आलम, एमओ कुमुद सिंह, बीएओ अनुराग कुमार, प्रभारी चिकित्सक जहांगीर आलम, पूर्व प्रमुख सदानंद यादव, मुखिया संघ अध्यक्ष रूबी शोएब, उप प्रमुख मोहम्मद ताहिर, मोहम्मद रागिब, राम कृपाल विश्वास, मुसर्रत खातून, राम प्रसाद चौधरी, प्रभु चंद्र विश्वास, मोहम्मद आदिल रजा, मुखिया प्रतिनिधि जितेंद्र मल्लिक, शोएब आलम, पंसस प्रताप मिश्रा, मोहम्मद सिब्तेन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद थे।



