ज्योतिष/धर्मबिहारब्रेकिंग न्यूज़

सहरसा : बाबा गणिनाथ की भव्य शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब

श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही, बाइक - चारपहिया वाहनों के काफिले से गूंजा सिमरी बख्तियारपुर शहर

अश्व वाहन पर सजी बाबा की आदमकद झांकी बनी आकर्षण का केंद्र, सिमरी बख्तियारपुर में दो दिवसीय मेला

सहरसा, 18 सितंबर (के.स.)। अजय कुमार, श्रीश्री 108 बाबा गणिनाथ गोविन्द का द्वितीय जन्मोत्सव पर शुक्रवार को जिले के सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद में आस्था, भक्ति और सामाजिक एकता का अद्भुत नजारा देखने को मिला। नप क्षेत्र स्थित राजदेवी विवाह भवन से निकली भव्य शोभायात्रा सह झांकी में पैदल श्रद्धालुओं के साथ बड़ी संख्या में बाइक एवं चारपहिया वाहनों पर सवार श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान बाबा के जयकारों से शहर की सड़कें गूंज उठी। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। राजदेवी विवाह भवन से अतिथियों ने धर्म ध्वजा दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया।

बाबा गणिनाथ गोविन्द पर केंद्रित भव्य झांकी में उनकी आदमकद तस्वीर को अश्व वाहन पर आकर्षक ढंग से सजाया गया था। इसके अलावा विभिन्न देवी-देवताओं का रूप धारण किए श्रद्धालु भी झांकी में शामिल थे।झांकी की भव्यता देखते ही बन रही थी और शहरवासियों के लिए यह विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही।

शोभायात्रा शहर के निर्धारित प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुन: राजदेवी विवाह भवन पहुंची रास्ते में श्रद्धालुओं की सेवा के लिए जगह-जगह पानी, शरबत, लस्सी, मिठाई, आइसक्रीम की व्यवस्था की गई थी। स्थानीय लोगों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सेवा शिविर लगाकर श्रद्धालुओं का स्वागत एवं सेवा किया।

बाबा के आदर्शों को अपनाकर समाज को नई दिशा दें : सांसद

राजदेवी विवाह भवन में शोभायात्रा धर्मसभा एवं जयंती समारोह में परिवर्तित हो गई.समारोह का उद्घाटन पूर्व मंत्री एवं मधेपुरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद दिनेश चंद्र यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर पूर्व विधायक डॉ. अरुण कुमार, वैश्य समाज के जिलाध्यक्ष मोहन साह, सोनवर्षा नगर पंचायत के चेयरमैन मनीष कुमार, जदयू नेता ललन कुमार, राजीव रंजन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अध्यक्षता वैश्य समाज के अनुमंडल अध्यक्ष सुमित गुप्ता ने की। वही संचालन कृष्ण कन्हैया ने किया।

इस मौके पर सांसद दिनेश चंद्र यादव ने बाबा गणिनाथ गोविंद को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि बाबा के जीवन और उनके आदर्शों को आत्मसात करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बाबा गणिनाथ का जीवन समाज को सेवा, त्याग, परोपकार, सद्भाव और एकता का संदेश देता है। आज के दौर में समाज को बाबा के विचारों से प्रेरणा लेकर आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है।उन्होंने कहा कि समाज की मजबूती केवल संख्या से नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कार, एकता और सामाजिक जिम्मेदारी से होती है। नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और महापुरुषों के आदर्शों से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है। बच्चों की शिक्षा और युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए समाज को मिलकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बाबा के आदर्शों को जीवन में उतारकर ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है और सर्वकल्याण की भावना को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने परिसर में गणिनाथ गोविंद की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर पूजा अर्चना की।

बाबा गणिनाथ का संदेश हर व्यक्ति के कल्याण से जुड़ा : पूर्व विधायक

पूर्व विधायक डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि बाबा गणिनाथ गोविन्द का जीवन त्याग, सेवा और मानव कल्याण की प्रेरणा देता है.उनके विचार समाज में प्रेम, भाईचारा और सर्वकल्याण की भावना को मजबूत करने का मार्ग दिखाते हैं।

मोहन साह ने कहा कि आज समाज को ऐसी ही सकारात्मक सोच और एकजुटता की आवश्यकता है। बाबा का जन्मोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि अपने सामाजिक दायित्वों को याद करने का अवसर भी है। उन्होंने समाज के लोगों से बाबा के बताए सर्वकल्याण के मार्ग पर चलने और जरूरतमंदों की सेवा के लिए आगे आने की अपील की।

सामाजिक एकता होता है प्रगाढ़ : ललन कुमार

सुमित गुप्ता ने आगंतुक अतिथियों का पाग एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। जदयू नेता ललन कुमार ने कहा कि बाबा गणिनाथ गोविंद का पूजनोत्सव सामाजिक एकता, भाईचारे और हमारी समृद्ध परंपरा का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, इतिहास और गौरवशाली विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। सिमरी बख्तियारपुर में आयोजित हो रहा यह पूजनोत्सव निश्चित रूप से समाज के लोगों को एकजुट करने का काम करेगा।

शोभायात्रा और विभिन्न कार्यक्रमों में जिस तरह से समाज के लोगों की सहभागिता हो रही है, वह आपसी प्रेम और सौहार्द को दर्शाता है। मैं बाबा गणिनाथ गोविंद के सभी भक्तों एवं आयोजन समिति को इस पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।

पूजनोत्सव में गूंजे भक्ति के स्वर

बाबा गणिनाथ गोविन्द के पूजनोत्सव के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विवाह भवन परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। शाम में भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें भजन सम्राट शुभम भास्कर, विक्रम बिहारी और शारदा झा ने भक्ति गीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्र मुग्ध कर दिया। समारोह के दौरान सहरसा, सुपौल, मधेपुरा एवं पटना से पहुंचे समाज के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।

इस मौके पर अनिल पोद्दार, रवि गुप्ता, रंजन गुप्ता, शास्त्री गुप्ता, विकास गुप्ता, राजा गुप्ता, पंकज गुप्ता, विक्की गुप्ता, आदित्य गुप्ता, दीपक गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, अजय गुप्ता, पुकार साह, मनीष साह, विपिन साह, मिथलेश साह, सनोज साह, सुनील साह सहित अन्य मौजूद थे।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button