अपराधकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़राज्य

किशनगंज : दिल्ली ले जाकर दुष्कर्म का आरोप, देवर समेत पांच पर प्राथमिकी

किशनगंज, 04 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, दिघलबैंक थाना क्षेत्र की 19 वर्षीय विवाहिता ने अपने देवर समेत पांच लोगों पर बहला-फुसलाकर दिल्ली ले जाने, दुष्कर्म करने, मारपीट, धमकी देने और देह व्यापार में धकेलने का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता के आवेदन पर गुरुवार को महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को पीड़िता का देवर मोहम्मद इस्माइल उसके पति के पास दिल्ली पहुंचाने की बात कहकर उसे अपने साथ ले गया। आरोप है कि दिल्ली पहुंचने के बाद उसे एक कमरे में रखा गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया गया। घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। करीब एक सप्ताह बाद पीड़िता किसी तरह वहां से निकलकर अपने मायके पहुंची।

पीड़िता का आरोप है कि 2 अगस्त को इस्माइल उसे जबरन कार में बैठाकर ले गया। रास्ते में दो अन्य युवकों को भी कार में बैठाया गया। इसके बाद उसे पीपला कदम चौक स्थित एक व्यक्ति के घर ले जाया गया, जहां तीनों ने कथित तौर पर करीब तीन दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया। 5 अगस्त को धमकी देकर उसे छोड़ दिया गया।

प्राथमिकी में कहा गया है कि परिजनों की मदद से इस्माइल को पकड़कर पुलिस अधीक्षक कार्यालय ले जाया गया। वहां उसने अन्य आरोपियों को पकड़वाने में सहयोग करने और पीड़िता से निकाह करने का आश्वासन दिया। आरोप है कि बाद में कोर्ट ले जाकर सादे कागज पर हस्ताक्षर करा निकाह होने की बात कही गई और इसके बाद वह फरार हो गया।

पीड़िता ने इस्माइल सहित अन्य लोगों पर अभद्र व्यवहार, मारपीट और देह व्यापार के लिए दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है। शुक्रवार को महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button