किशनगंजज्योतिष/धर्मबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : विश्वकर्मा पूजा को लेकर पूजा पंडालों को दिया जा रहा अंतिम रूप

किशनगंज, 14 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, विश्वकर्मा पूजा को लेकर किशनगंज शहर में तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। गैराज, कारखाने, विद्युत कार्यालय, परिवहन से जुड़े प्रतिष्ठानों सहित विभिन्न व्यवसायिक संस्थानों में पूजा पंडालों का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है। पूजा समितियों से जुड़े लोग पंडालों को आकर्षक रूप देने में जुटे हुए हैं। वहीं मूर्तिकार भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में लगे हैं।

शहर के रेलवे कॉलोनी, केलटेक्स चौक रोड, आटा चक्की मिल, गैराज, हार्डवेयर सेंटर, वाहन शोरूम, मोबाइल शोरूम, लकड़ी मिल सहित अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में विश्वकर्मा पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। रेलवे कॉलोनी में पांच स्थानों पर भगवान विश्वकर्मा की पूजा आयोजित की जाएगी। इसके लिए भव्य पंडाल तैयार किए जा रहे हैं।

मूर्तिकारों के अनुसार इस बार भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमाओं की बुकिंग पिछले वर्षों की तुलना में अधिक हुई है। इससे प्रतिमा निर्माण से जुड़े कारीगर भी उत्साहित हैं। शहर के छोटे-बड़े उद्योगों और प्रतिष्ठानों में पूजा को लेकर रौनक बढ़ गई है।

पंडित जय हिंद मिश्रा ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान विश्वकर्मा को देवताओं का शिल्पकार माना जाता है। मान्यता है कि इंद्रपुरी, द्वारिका, हस्तिनापुर, स्वर्गलोक और जगन्नाथपुरी जैसे नगरों एवं स्थलों के निर्माण में भगवान विश्वकर्मा की भूमिका रही है। इसी कारण विश्वकर्मा पूजा के दिन औजार, मशीनरी, वाहन और कार्यस्थलों की विशेष पूजा की जाती है।

इधर, पूजा को लेकर बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ने लगी है। सोमवार से ही पूजन सामग्री, फल, प्रसाद सहित अन्य सामानों की खरीदारी के लिए बाजार में लोगों की भीड़ जुटने लगी। फलपट्टी रोड में सबसे अधिक भीड़ देखी जा रही है। दुकानदारों के अनुसार मंगलवार और बुधवार को खरीदारी के लिए बाजार में और अधिक भीड़ उमड़ने की संभावना है।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button