किशनगंज में बीपीएससी सब-इंस्पेक्टर परीक्षा केंद्रों का डीएम व एसपी ने किया निरीक्षण
किशनगंज,21जनवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बुधवार को बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) द्वारा आयोजित सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के तहत संचालित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था तथा परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया।
अधिकारियों ने तैनात दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त परीक्षा संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला प्रशासन एवं किशनगंज पुलिस द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर सघन सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। परीक्षा की पारदर्शिता एवं सुरक्षा के लिए सीसीटीवी निगरानी के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित एवं व्यवस्थित माहौल में संपन्न हो सके।
इसी क्रम में जिला मुख्यालय के तीन परीक्षा केंद्रों पर बुधवार को दूसरे चरण की पुलिस अवर निरीक्षक (दारोगा) पद की लिखित परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई, जिसमें कुल 2865 परीक्षार्थियों ने भाग लिया, जबकि 1110 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। जिलाधिकारी विशाल राज, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, एसडीपीओ गौतम कुमार, ट्रैफिक डीएसपी राजेश कुमार, इंस्पेक्टर राजा सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार ने बताया कि दोनों पालियों की परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। परीक्षार्थी परीक्षा प्रारंभ होने के लगभग डेढ़ घंटे पूर्व ही निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। प्रवेश द्वार पर सघन जांच के उपरांत ही अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के आधार पर केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी गई। परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन सहित सभी प्रतिबंधित सामग्रियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहा।
परीक्षा समाप्ति के बाद बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन पर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ देखी गई। अधिकांश अभ्यर्थी बक्सर, आरा, छपरा, सिवान, भागलपुर, मुंगेर, बांका सहित दूर-दराज के जिलों से परीक्षा देने पहुंचे थे, जो अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना होते नजर आए।

