किशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज में वंदे भारत–राजधानी के ठहराव की मांग, फौजी कैंप के लिए भूमि अधिग्रहण पर पुनर्विचार का आग्रह

किशनगंज,04फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आज़ाद ने क्षेत्र से जुड़े अहम जनहित के मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के समक्ष अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। उन्होंने किशनगंज रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत स्लीपर एवं राजधानी एक्सप्रेस के कमर्शियल स्टॉपेज की मांग उठाने के साथ ही बहादुरगंज–कोचाधामन क्षेत्र में प्रस्तावित फौजी कैंप के लिए उपजाऊ कृषि भूमि के अधिग्रहण पर पुनर्विचार का अनुरोध किया है।

सांसद डॉ. जावेद आज़ाद ने रेलवे प्रशासन एवं संबंधित मंत्रालय को पत्र लिखकर किशनगंज (KNE) रेलवे स्टेशन पर 27576/27575 कामाख्या–हावड़ा–कामाख्या वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस तथा 20508/20507 सिलीगुड़ी–आनंद विहार–सिलीगुड़ी राजधानी एक्सप्रेस के कमर्शियल स्टॉपेज की मांग की है। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि किशनगंज रेलवे स्टेशन न केवल किशनगंज जिले, बल्कि उत्तर दिनाजपुर, पूर्णिया सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए एक प्रमुख केंद्र है। इन ट्रेनों के ठहराव से सीमावर्ती इलाके के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

इधर, सांसद ने केंद्रीय रक्षा मंत्री को भी पत्र लिखकर किशनगंज जिले के बहादुरगंज–कोचाधामन क्षेत्र में प्रस्तावित फौजी कैंप की स्थापना के लिए उपजाऊ कृषि भूमि के अधिग्रहण पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित भूमि अत्यंत उपजाऊ है और स्थानीय किसानों की आजीविका का मुख्य आधार है। भूमि अधिग्रहण से किसानों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

डॉ. जावेद आज़ाद ने रक्षा मंत्रालय से अनुरोध किया है कि फौजी कैंप के लिए किसी वैकल्पिक, अनुपजाऊ या सरकारी भूमि का चयन किया जाए, ताकि राष्ट्रीय सुरक्षा की आवश्यकता भी पूरी हो और किसानों के हितों की रक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।
सांसद की इस पहल को क्षेत्रवासियों ने जनहित में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!