किशनगंज : खगड़ा कालू चौक के पास ससुराल में संदिग्ध परिस्थिति में मिला नवविवाहिता का शव
किशनगंज,08दिसम्बर(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, खगड़ा कालू चौक के पास ससुराल में एक कमरे में 24 वर्षीय नवविवाहिता नेहा का शव सोमवार को संदिग्ध परिस्थिति में मिला है। बताया जाता है की शव फंदे से झूल रहा था। घर वालों की नजर पड़ने पर फंदे से झूलते शव को नीचे उतारा गया। हालांकि शव को किसने नीचे उतारा ये कोई नहीं बता रहा है। मृतक महिला के मायके वालों को भी घटना की सूचना मिली। मायके वाले गमगीन होकर बेटी के ससुराल पहुंचे और शव को बरामदे में रखा देखा।मायके वालों के द्वारा घटना की सूचना सदर थाना की पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की छानबीन में जुट गई। पुलिस ने मौके से मृतक महिला के पति सन्नी गुप्ता को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मृतक महिला नेहा के पति से पूछताछ कर रही है। शव को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भिजवाया गया है।
नेहा के परिजनों ने बताया कि जब वो घर पहुंचे तो नेहा का शव कमरे में था। इधर मृतिका के ससुराल वाले कुछ भी कहने से इनकार कर रहे है। पति सन्नी गुप्ता कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है। सन्नी प्लास्टिक का होलसेल की दुकान चलाते है। तीन वर्ष पूर्व महिला नेहा की शादी सन्नी गुप्ता से हुई थी। दोनों में प्रेम विवाह हुआ था। नेहा को दो वर्ष का बेटा भी है। नेहा के मामा संतोष ने बताया कि हमलोगों को जरा भी अंदेशा नहीं था की इस प्रकार की घटना घटित हो सकती है।
सदर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन ने कहा कि महिला की संदिग्ध मौत की सूचना मिली थी।घटना स्थल पर पहुंच कर सभी बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है।मृतक महिला के पति को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। घटना स्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जुटी हुई थी। जो भी वहां पहुंच रहा था, नेहा के शव को देखकर गमगीन हो जाता था।



