किशनगंज : राज्यपाल से रेड क्रॉस व एबीवीपी प्रतिनिधियों की शिष्टाचार भेंट, शिक्षा व जनसेवा के मुद्दों पर हुई चर्चा

किशनगंज,08फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बिहार के महामहिम राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के किशनगंज दौरे के क्रम में रविवार को विभिन्न सामाजिक व छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों ने उनसे शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान जिले में संचालित रचनात्मक एवं शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, किशनगंज के सचिव मिक्की साहा ने महामहिम राज्यपाल से मुलाकात कर जिले में रेड क्रॉस द्वारा चलाए जा रहे रचनात्मक एवं मानव सेवा से जुड़े कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। राज्यपाल ने रेड क्रॉस सोसायटी के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
वहीं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) किशनगंज के विभाग संयोजक अमित मंडल ने भी महामहिम राज्यपाल से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने मारवाड़ी कॉलेज, किशनगंज से संबंधित कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाते हुए एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मारवाड़ी कॉलेज में बीएड (B.Ed.) की पढ़ाई तत्काल शुरू कराने, स्नातकोत्तर (पीजी) भवन के निर्माण तथा परीक्षा भवन के निर्माण की मांग प्रमुख रूप से रखी गई, ताकि क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की बेहतर सुविधा मिल सके। इसके साथ ही कॉलेज के प्रधानाचार्य पर छात्र-छात्राओं से अवैध वसूली, लूट-खसोट और भ्रष्टाचार के लगाए गए आरोपों पर भी तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।
इसी क्रम में महामहिम राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान किशनगंज स्थित माता गुजरी मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इसके उपरांत राज्यपाल तौहीद एजुकेशनल ट्रस्ट में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान बिहार सरकार के उद्योग मंत्री एवं पथ निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल तथा ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री अशोक चौधरी भी उनके साथ उपस्थित रहे।
राज्यपाल के इस दौरे को लेकर जिले में शैक्षणिक, सामाजिक एवं प्रशासनिक हलकों में विशेष उत्साह देखा गया।

