*पेपर लीक के खिलाफ बिहार में कांग्रेस करेगी बड़ा छात्र आंदोलन*
त्रिलोकी नाथ प्रसाद/देश में लगातार हो रहे पेपर लीक और बार-बार परीक्षाएं रद्द होने से छात्रों को हो रही परेशानी के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी बिहार में बड़े छात्र आंदोलन की तैयारी में जुट गई है। इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाक़त आश्रम में विभिन्न विभागों एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्षों तथा कनेक्ट सेंटर के सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम तथा एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार शामिल हुए।
बैठक की शुरुआत नीट पेपर लीक प्रकरण के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद छात्रों को न्याय दिलाने और शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्था के खिलाफ व्यापक संघर्ष खड़ा करने का संकल्प लिया गया।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरू ने आंदोलन को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि देश में लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षाओं के रद्द होने से लाखों छात्रों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। मेहनत और प्रतिभा के बल पर आगे बढ़ने का सपना देखने वाले युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है। यह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि छात्रों के भविष्य के साथ गंभीर खिलवाड़ है।
कांग्रेस पार्टी छात्रों की इस पीड़ा और संघर्ष में उनके साथ खड़ी है। हम राज्यभर में छात्रों की आवाज़ को बुलंद करेंगे और उन्हें न्याय दिलाने के लिए व्यापक आंदोलन चलाएंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि छात्रहित कांग्रेस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से छात्रों की आवाज़ बनने और उनके अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने का आह्वान किया। बैठक में राज्यभर में छात्र-युवा वर्ग को जोड़ते हुए बड़े जनआंदोलन की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
NSUI के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार ने प्रस्तावित छात्र आंदोलन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की और संगठन को गांव-गांव तथा कॉलेज-कॉलेज तक सक्रिय करने पर बल दिया।



