टाटा डी.ए.वी. विद्यालय में बच्चों का हुआ मार्गदर्शन

सिद्धार्थ पाण्डेय /चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम )टाटा डी.ए.वी. पब्लिक विद्यालय, नोवामुंडी में कक्षा ग्यारहवीं एवं बारहवीं में अध्ययनरत छात्र – छात्राओं का मार्गदर्शन किया गया। बच्चों के मार्गदर्शन हेतु श्री आशुतोष प्रियदर्शी (रिसर्च एडवाइजर, सेल बैंगलोर) एवं श्रीमती शशिप्रभा (सहायक उपाध्यक्ष, SHELL Tech Centre, HDFC बैंक बैंगलोर) पधारे थे।आगत अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ देकर किया गया। इन अतिथियों के द्वारा वाणिज्य एवं विज्ञान संकाय में अध्ययनरत छात्र छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रों में करियर संबंधित मार्गदर्शन दिया गया, जिसमें कॉर्पोरेट, बैंकिंग, लोकक्षेत्र आदि शामिल हैं। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती शशिकला ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि सतत अध्ययनरत रहने वाले छात्र अपने जीवन में सफलता प्राप्त करते हैं।
लक्ष्य हेतु अपने रुचि को आधार बनाकर उपयुक्त क्षेत्र का चयन करना चाहिए। यह विद्यालय इस दिशा में अभिभावकों के सहयोग के लिए सतत क्रियाशील रहा है। अतः छात्र-छात्राएं ऊंचे स्थानों पर पदस्थापित हो पाते हैं।
कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी शिक्षक श्री मानस रंजन मिश्र ने किया। अनुशासन व्यवस्था को बनाए रखने में क्रीड़ा शिक्षक श्री हर्ष धनवार मुस्तैद रहे। धन्यवाद ज्ञापन शिक्षक श्री अरविंद ठाकुर ने किया। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ गाकर किया गया। उक्त कार्यक्रम में दो सौ दस प्रतिभागी शामिल हुए।
*****



