अपराधकिशनगंजगिरफ्तारीपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज पुलिस को बड़ी सफलता, अंतरजिला चोर गिरोह का पर्दाफाश

तीन गृहभेदन कांडों का खुलासा, दो शातिर गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

किशनगंज,19मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, सदर थाना क्षेत्र में बंद घरों में हो रही लगातार चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए अंतरजिला चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो कुख्यात शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी के मोबाइल, पीतल-तांबे के बर्तन, रंगीन टेलीविजन तथा चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर गृहभेदन की घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं कांडों के उद्भेदन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 गौतम कुमार एवं साइबर थाना के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम में जिला आसूचना इकाई, अंचल निरीक्षक, नगर थाना, महिला थाना एवं कोचाधामन थाना के पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।

तकनीकी एवं मानवीय आसूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि एक अंतरजिला गिरोह नगर क्षेत्र में बंद घरों को निशाना बना रहा है। चोरी के बाद आरोपी कटिहार में छिप जाते थे और सामान पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में बेच देते थे।

सूचना के सत्यापन के बाद किशनगंज, कटिहार और पश्चिम बंगाल में छापेमारी कर पुलिस ने दो आरोपियों अंकित राय उर्फ बाबू एवं शिव शर्मा उर्फ राज शर्मा को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लिची बगान, केला बगान एवं डुमरिया काली मंदिर के पास हुए चोरी के मामलों का खुलासा हुआ।

पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल, दो टेलीविजन, पीतल के बर्तन तथा चोरी में इस्तेमाल किए गए उपकरण बरामद किए हैं। चोरी का कुछ सामान उत्तर दिनाजपुर स्थित कबाड़ी दुकान से भी बरामद किया गया।

जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी पूर्व में भी कई घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं, जिनमें जनप्रतिनिधियों के घर भी शामिल हैं। दोनों के खिलाफ किशनगंज थाना में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान एवं अन्य जिलों में की गई चोरी की घटनाओं का पता लगा रही है। साथ ही चोरी गए सोना-चांदी के आभूषणों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

इस कार्रवाई को किशनगंज पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!