देश की पहली कृषि नीति हो या बिहार का कृषि रोडमैप, बेजोड़ हैं नीतीश कुमार: उमेश कुशवाहा
चौथे कृषि रोडमैप पर बिहार प्रदेश जदयू अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा की प्रतिक्रिया

त्रिलोकी नाथ प्रसाद =बिहार प्रदेश जदयू अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने आज बिहार का चौथा कृषि रोडमैप जारी होने पर मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार को साधुवाद दिया और रोडमैप लॉन्च करने बिहार आईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रति आभार प्रकट किया। श्री कुशवाहा ने कहा कि जहाँ केन्द्र सरकार के कृषि मंत्री के रूप में मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी ने देश की पहली कृषि नीति बनाने का काम किया, वहीं बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में कृषि रोडमैप के माध्यम से उन्होंने यहाँ कृषि का कायाकल्प करके दिखा दिया। देश की पहली कृषि नीति हो या बिहार का कृषि रोडमैप, श्री नीतीश कुमार सचमुच बेजोड़ हैं।
श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि बिहार का कृषि रोडमैप देश का सबसे अनोखा कृषि प्लान है और हमारे लिए यह गौरव की बात है कि रोडमैप बनाकर कृषि कार्य करने वाला बिहार देश का पहला राज्य है। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के विजन का ही परिणाम है कि आज बिहार इस लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है कि देश की हर थाली में बिहार का एक व्यंजन हो।
श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने आगे कहा कि 2008 से 2012 तक चलने वाला बिहार का पहला कृषि रोडमैप जहाँ 7 हजार 62 करोड़ का था। वहीं, 2023 से 2028 तक चलने वाला बिहार का चौथा कृषि रोडमैप 1 लाख 62 हजार करोड़ का है। इससे इस बात का पता चलता है कि हमारी सरकार कृषि के क्षेत्र में किस संकल्प के साथ कार्य कर रही है। पिछले कुछ वर्षों में हमलोगों ने चावल, गेहूँ और मक्का के उत्पादन में 5 बार भारत सरकार का ‘कृषि कर्मण’ पुरस्कार हासिल किया है। फसल के साथ ही दूध, अंडा, मछली और मांस के उत्पादन में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इन तमाम उपलब्धियों के लिए नीतीश सरकार को जितनी बधाई दी जाय, वो कम होगी।