किशनगंज : राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जागरूकता रैली व मुख्य कार्यक्रम का आयोजन

किशनगंज,25जनवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार को जिले में मतदाता जागरूकता रैली एवं मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी विशाल राज ने समाहरणालय परिसर से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर खगड़ा स्थित सम्राट अशोक भवन के लिए रवाना किया। रैली में सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, कार्यालय कर्मी तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस का मुख्य कार्यक्रम सम्राट अशोक भवन, किशनगंज में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित सभी लोगों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर मतदाता जागरूकता से संबंधित वीडियो का प्रदर्शन किया गया तथा माननीय मुख्य निर्वाचन आयुक्त के संबोधन का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि उपस्थित बच्चे देश का भविष्य हैं, जो आगे चलकर राष्ट्र को मजबूती प्रदान करेंगे। उन्होंने मतदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए संविधान, स्वतंत्रता, लोकतंत्र तथा अपने प्रतिनिधि चुनने की प्रक्रिया की जानकारी दी और मतदान की शक्ति को पहचानने व उसका सदुपयोग करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी विशाल राज ने अपने संबोधन में कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है, जहां लोकतंत्र को सशक्त बनाने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र आज पूरे विश्व के लिए एक मिसाल है, जिसे सुदृढ़ बनाने में निर्वाचन आयोग की अहम भूमिका रही है।
जिलाधिकारी ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बाद सभी युवा मतदान अवश्य करें, सही प्रत्याशी का चयन करें तथा एक मजबूत, जवाबदेह और जिम्मेदार सरकार के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर वरीय पदाधिकारीगण, निर्वाची पदाधिकारी, विभिन्न कोषांगों के नोडल पदाधिकारी, किशनगंज जिला अंतर्गत सहायक निर्वाची पदाधिकारी, SIR–2025 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, तत्कालीन प्रभारी उप निर्वाचन पदाधिकारी, अवर निर्वाचन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, BLO सहित अन्य कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।



