ताजा खबरबिहारब्रेकिंग न्यूज़भ्रष्टाचारराज्य

सहरसा : सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद की योजनाओं में भारी अनियमितता का आरोप, जांच की उठी मांग

सहरसा,21फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले के नगर परिषद सिमरी बख्तियारपुर द्वारा संचालित विभिन्न निविदा योजनाओं के क्रियान्वयन में बड़े पैमाने पर अनियमितता एवं भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों का आरोप है कि नगर परिषद क्षेत्र में चल रही अधिकांश योजनाओं में सरकारी नियमों की अनदेखी करते हुए मनमाने ढंग से कार्य कराया जा रहा है।बताया जाता है कि कई योजनाओं में बिना स्थल निरीक्षण के ही घर बैठे प्राक्कलन तैयार कर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। आरोप है कि न तो कार्यपालक पदाधिकारी और न ही संबंधित तकनीकी अधिकारी योजनास्थल पर निरीक्षण के लिए पहुंच रहे हैं। इतना ही नहीं, कुछ योजनाओं के लिए जारी निविदा के अनुसार निर्धारित स्थल पर कार्य ही नहीं कराया जा रहा, बल्कि अन्य स्थानों पर निर्माण शुरू कर दिया गया है।

योजना बोर्ड तक नहीं लगाए गए

नियमों के अनुसार किसी भी सरकारी योजना के शुरू होने से पहले आम लोगों की जानकारी के लिए योजना स्थल पर सूचना बोर्ड लगाना अनिवार्य है, लेकिन अधिकांश स्थानों पर योजना बोर्ड नहीं लगाए जाने की शिकायत है। इससे स्थानीय लोगों को योजना की लागत, अवधि एवं कार्य एजेंसी की जानकारी नहीं मिल पा रही है।

निविदा संख्या 02/2025-26 की योजना पर सवाल

अल्पकालीन निविदा आमंत्रण सूचना संख्या 02/2025-26 के क्रम संख्या 29 के तहत वार्ड संख्या 09 में भौरा कल्वर्ट से बिंदेश्वरी पंडित की जमीन तक पीसीसी सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया है, जिसकी प्राक्कलित राशि 24 लाख 83 हजार 700 रुपये बताई गई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि संवेदक को निर्धारित योजनास्थल नहीं मिलने के कारण गांव की दो सड़कों की ईंट उखाड़ दी गई और बाद में सिंचाई विभाग की नहर पर ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। ग्रामीणों का दावा है कि निविदा में प्रकाशित स्थल वास्तविकता में मौजूद ही नहीं है, बावजूद इसके निर्माण कार्य जारी है।

प्राक्कलन के विपरीत निर्माण का आरोप

प्राक्कलन के अनुसार लगभग 1000 फीट लंबी एवं 10 फीट चौड़ी पीसीसी सड़क का निर्माण किया जाना है। इसके तहत पहले दो फीट ऊंचाई तक मिट्टी भराई, डिच एवं फ्लैंक निर्माण, बालू परत, ईंट सोलिंग तथा आठ इंच मोटी ढलाई सहित कुल तीन फीट ऊंचाई तक सड़क निर्माण का प्रावधान है। हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभागीय मिलीभगत से मात्र लगभग एक फीट ऊंचाई में ही निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिससे गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

जांच एवं कार्रवाई की मांग

जिला भाजपा मंत्री एवं सिमरी बख्तियारपुर नगर संयोजक मंगल शर्मा ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने जिलाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी तथा मुख्यमंत्री से शिकायत कर सरकारी राशि की कथित लूट में शामिल पदाधिकारियों, कर्मियों एवं संवेदकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।इस संबंध में नगर परिषद के अधिकारियों का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!