ताजा खबर

*हर विद्यार्थी को एआई का ज्ञान समय की मांग : शिक्षा मंत्री*

बोले-तकनीकी दक्षता से खुलेंगे नवाचार और रोजगार के नए द्वार*

*आधुनिक तकनीक में विशेष रुचि रखने वाले विद्वानों और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को किया सम्मानित*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/पटना। शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि आज के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का ज्ञान हर विद्यार्थी के लिए जरूरी है। स्कूल और कॉलेज में पढ़ने वाले बच्चों को एआई की बुनियादी जानकारी मिलनी चाहिए। यह समय की मांग है। शिक्षा विभाग भी विद्यार्थियों को एआई की प्रारंभिक जानकारी और तकनीकी समझ देने की दिशा में प्रयास कर रहा है।
शिक्षा मंत्री शुक्रवार को स्थानीय ऊर्जा ऑडिटोरियम में ग्लोबल एआई स्किल्स एंड एजुकेशन एक्सपो 2026 के दूसरे दिन आयोजित शैक्षणिक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक तेजी से बदल रही है। ऐसे में विद्यार्थियों को नई तकनीक से परिचित कराना जरूरी है। तकनीकी दक्षता से उनके लिए नवाचार और रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।
कार्यक्रम में बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. इंद्रजीत सिंह, आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर डॉ. रूपेश कुमार, डीएमआई के डॉ. ऋषिकांत कुमार, तकनीकी छात्र संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सौरभ कुमार पटेल और प्राइवेट स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सैयद शमायल अहमद विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नालंदा फाउंडेशन के संस्थापक ई. राहुल कुमार और बिजनेस क्रांति के संस्थापक सुमन कुमार ने की।
शिक्षा मंत्री श्री तिवारी ने एआई और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में विशेष रुचि रखने वाले विद्वानों और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षाविद् और तकनीकी विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button