राजनीति

झारखंड में ग्रामीण सड़कों का होगा विस्तार, VB-G RAM G के तहत 12,500 किमी सड़क निर्माण का लक्ष्य

 

रांची, 13 नवंबर 2026। झारखंड के ग्रामीण इलाकों में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया है। ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पहल पर VB-G RAM G योजना के तहत राज्य में कुल 12,500 किलोमीटर जी.एस.बी. (ग्रेन्युलर सब-बेस) सड़कों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य सड़क संपर्क से वंचित ग्रामीण बसावटों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ना है।

मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के नेतृत्व में विभाग की ओर से उन ग्रामीण क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा रही है, जो अब तक मुख्य सड़क मार्ग से नहीं जुड़ पाए हैं अथवा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत स्वीकृत नहीं हैं। योजना के माध्यम से दूरस्थ गांवों को मौजूदा सड़क नेटवर्क से जोड़कर ग्रामीण आवागमन को सुगम बनाने की तैयारी है।

VB-G RAM G योजना के तहत झारखंड के सभी 24 जिलों में जिलेवार सड़क निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें पूर्वी सिंहभूम में सर्वाधिक 1,400 किलोमीटर, पलामू में 1,100 किलोमीटर और गढ़वा में 1,000 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य है। इसके अलावा चतरा में 850 किलोमीटर, लातेहार में 800 किलोमीटर, पश्चिमी सिंहभूम में 750 किलोमीटर और हजारीबाग में 700 किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी। बोकारो और गोड्डा में 600-600 किलोमीटर, लोहरदगा और सिमडेगा में 500-500 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।वहीं, देवघर, खूंटी, जामताड़ा और सरायकेला-खरसावां में 400-400 किलोमीटर तथा गिरिडीह और गुमला में 350-350 किलोमीटर सड़क निर्माण किया जाएगा। रांची और पाकुड़ में 300-300 किलोमीटर, दुमका और धनबाद में 200-200 किलोमीटर, साहिबगंज और कोडरमा में 150-150 किलोमीटर तथा रामगढ़ में 100 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य रखा गया है।

इस योजना के तहत मुख्य रूप से जी.एस.बी. (ग्रेन्युलर सब-बेस) सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इससे सड़क संपर्क से वंचित गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। ग्रामीण आबादी के लिए बाजार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होने से किसानों को अपनी उपज, सब्जियां, फल, लघु वनोपज और अन्य कृषि उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी। इससे परिवहन लागत और आवागमन में लगने वाला समय कम होगा। साथ ही ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी विकसित होंगे।मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि गांवों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। VB-G RAM G के तहत 12,500 किलोमीटर जी.एस.बी. सड़कों के निर्माण का लक्ष्य ग्रामीण विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास की पहुंच राज्य के उन गांवों तक भी सुनिश्चित हो, जो अब तक बेहतर सड़क संपर्क से वंचित रहे हैं। मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित तकनीकी मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़कों का निर्माण इस तरह होना चाहिए कि वे टिकाऊ हों और ग्रामीणों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके। इस पहल से झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button