किशनगंजप्रमुख खबरेंबिहारब्रेकिंग न्यूज़राज्य

किशनगंज : हार्वर्ड में फैकल्टी बने किशनगंज के नीरज अग्रवाल, डाना-फार्बर में प्रोस्टेट कैंसर विभाग की संभालेंगे जिम्मेदारी

किशनगंज, 30 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, किशनगंज निवासी नीरज अग्रवाल ने चिकित्सा एवं कैंसर अनुसंधान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने अमेरिका की प्रतिष्ठित हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में फैकल्टी के रूप में योगदान दिया है। इसके साथ ही उन्हें अमेरिका के प्रसिद्ध डाना-फार्बर कैंसर इंस्टीट्यूट में प्रोस्टेट कैंसर विभाग के को-डायरेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी इस उपलब्धि से किशनगंज में खुशी की लहर है।

नीरज अग्रवाल ने शहर के बाल मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल से अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की थी। किशनगंज से शिक्षा की शुरुआत करने के बाद उन्होंने चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई और अब अमेरिका के प्रतिष्ठित शैक्षणिक एवं कैंसर चिकित्सा संस्थानों से जुड़कर जिले का नाम रोशन किया है।

डाना-फार्बर कैंसर इंस्टीट्यूट हार्वर्ड मेडिकल स्कूल से संबद्ध प्रमुख कैंसर संस्थानों में शामिल है। संस्थान कैंसर के उपचार, अनुसंधान और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए जाना जाता है। ऐसे प्रतिष्ठित संस्थान में प्रोस्टेट कैंसर विभाग के को-डायरेक्टर के रूप में नीरज अग्रवाल की नियुक्ति को उनकी पेशेवर उपलब्धियों की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।

नीरज अग्रवाल की सफलता की खबर मिलते ही उनके पिता नवल अग्रवाल सहित परिवार के सदस्यों, परिचितों और शुभचिंतकों में उत्साह का माहौल है। शहर के लोगों ने उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। सोशल मीडिया और व्यक्तिगत रूप से भी उन्हें शुभकामनाएं देने का सिलसिला जारी है। लोगों का कहना है कि किशनगंज की धरती से निकले नीरज अग्रवाल की यह उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button